सरायकेला-खरसावां: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र स्थित जंबरो गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक 47 वर्षीय आदिवासी महिला विश्वासी सोय की धारदार हथियार से नृशंस हत्या कर दी गई। इस घटना की भयावहता ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है, क्योंकि आरोपी पर हत्या के बाद महिला के शव के साथ अमानवीय क्रूरता करने और शरीर के अंगों को पकाकर खाने का प्रयास करने जैसे बेहद गंभीर आरोप लगे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम जंबरो गांव में एक स्थानीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। परिवार के भरण-पोषण के लिए विश्वासी सोय ने वहां पारंपरिक पेय ‘हड़िया’ का स्टॉल लगाया था। आरोप है कि गांव के ही 54 वर्षीय पैलेस मुंडा ने वहां हड़िया पी और इसके बाद वह महिला को जबरन अपने घर ले गया।
देर रात घर के पास मिला क्षत-विक्षत शव जब देर रात तक विश्वासी सोय घर नहीं लौटीं, तो उनके पति निर्मल सोय चिंतित होकर उनकी तलाश में निकले। रात करीब 12 बजे घर के समीप नाले के पास महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर परिजनों के होश उड़ गए। मृतका के पति ने आरोप लगाया है कि पैलेस मुंडा ने धारदार हथियार से हत्या करने के बाद शव के साथ बेहद बर्बरता की। बताया जा रहा है कि आरोपी ने मृतका के शरीर के कई हिस्सों (जांघ, कलेजी और निजी अंगों) को काट लिया था और घर के पीछे कढ़ाई में भूनकर खाने की कोशिश कर रहा था। देर रात जब कुछ ग्रामीणों की नजर इस भयावह दृश्य पर पड़ी, तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पैलेस मुंडा को मौके से दबोच लिया और तत्काल कुचाई पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।
उधर, इस जघन्य अपराध की चौतरफा निंदा हो रही है। आदिवासी कोल्हान सेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु बानरा ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कराकर आरोपी को जल्द से जल्द कठोरतम सजा दिलाई जाए।



