रायपुर। स्कॉच व्हिस्की और प्रीमियम विदेशी शराब के शौकीनों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भारत और ब्रिटेन के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के तहत आयात शुल्क में की गई कटौती का सीधा असर अब छत्तीसगढ़ के शराब बाजार में दिखने लगा है। राज्य के आबकारी विभाग ने 33 विदेशी शराब ब्रांडों की नई दरों को मंजूरी दे दी है, जिससे महंगी शराब की कीमतों में भारी गिरावट आई है।
Chhattisgarh Liquor Price: 33 प्रीमियम ब्रांड हुए सस्ते
छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के शेष महीनों के लिए विदेश से सीधे बोतलबंद होकर आने वाले (BIO) 33 प्रीमियम ब्रांडों की संशोधित दरों पर मुहर लगा दी है। भारत-ब्रिटेन समझौते के तहत स्कॉच व्हिस्की पर आयात शुल्क 150 प्रतिशत से घटाकर 75 प्रतिशत किए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है।
नई दर सूची में जॉनी वॉकर, चिवास रीगल, रॉयल सैल्यूट, ग्लेनलिवेट, ड्यूअर्स, बॉलेंटाइन और सिंगलटन जैसे कई चर्चित अंतरराष्ट्रीय ब्रांड शामिल हैं।
प्रमुख ब्रांडों की नई लैंडिंग कीमतें (प्रति केस)
आबकारी विभाग द्वारा तय की गई नई दरों के बाद इन प्रमुख ब्रांडों की लैंडिंग कीमतों में बड़ा बदलाव आया है:
- जॉनी वॉकर 18 ईयर: एक केस की नई लैंडिंग कीमत 42,480 रुपये तय की गई है, जो पिछली दर के मुकाबले लगभग 5,000 रुपये कम है।
- जॉनी वॉकर ब्लू लेबल: इसके एक केस की नई कीमत 92,939 रुपये निर्धारित की गई है।
- रॉयल सैल्यूट 21 ईयर: इसकी लैंडिंग कीमत अब 64,079 रुपये प्रति केस तय हुई है।
- सिंगलटन 12 ईयर: इसके एक केस की कीमत में 2,817 रुपये तक की कटौती दर्ज की गई है।
आम ग्राहकों को कब और कितना मिलेगा फायदा?
फिलहाल आबकारी विभाग की ओर से जारी ये दरें शराब की लैंडिंग कीमत (आयातित मूल्य) से जुड़ी हैं। सरकारी शराब दुकानों पर आम ग्राहकों को प्रति बोतल कितनी राहत मिलेगी, यह राज्य सरकार द्वारा तय किए जाने वाले अंतिम खुदरा विक्रय मूल्य (MRP) और स्थानीय करों के समायोजन के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा। ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए हमें Facebook और Instagram पर फॉलो करें।



