प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 फरवरी को शुरू किए गए राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का अब तक 87 प्रतिशत लक्ष्य पूरा हो चुका है। 6 राज्यों ने हासिल किया 100 फीसदी आंकड़ा।
नई दिल्ली/रायपुर। भारत में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में एक ऐतिहासिक सफलता मिली है। राष्ट्रीय HPV Vaccination Campaign के तहत नौ महीने से भी कम समय में देशभर में एक करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। इस अभियान में 14 साल की किशोरियों को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) से बचाव का टीका लगाया जा रहा है, जो आगे चलकर सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण बनता है।
अब तक 87 प्रतिशत लक्ष्य पूरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 फरवरी को देशभर में इस महत्वाकांक्षी अभियान की शुरुआत की थी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए बताया कि अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में हर साल करीब 1.2 करोड़ किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य है, जिसमें से अब तक करीब 87 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा चुका है। यह लक्ष्य 2021 के जनसंख्या अनुमान के आधार पर तय किया गया है।
टीकाकरण में सबसे आगे रहने वाले राज्य
राष्ट्रीय स्तर पर जारी आंकड़ों के अनुसार, Cervical Cancer Vaccine India अभियान में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है, जबकि बिहार और गुजरात में भी बड़ी संख्या में किशोरियों को सुरक्षा कवच मिला है:
-
उत्तर प्रदेश: यहां अब तक 29.33 लाख से अधिक 14 साल की लड़कियों को टीका लगाया जा चुका है।
-
बिहार: राज्य में 13.70 लाख से अधिक किशोरियों का टीकाकरण पूरा हुआ है।
-
गुजरात: यहां 7.75 लाख से अधिक लड़कियों को यह टीका लगाया जा चुका है।
6 राज्यों ने हासिल किया 100% लक्ष्य, छत्तीसगढ़ का क्या है अपडेट?
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार को अपना 100 प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने पर बधाई दी है। इसके अलावा देश के 12 अन्य राज्य ऐसे हैं जिन्होंने अपने तय लक्ष्य का 80 प्रतिशत से अधिक हिस्सा पूरा कर लिया है। हालांकि केंद्रीय रिपोर्ट में Chhattisgarh HPV Vaccination के अलग से आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं, लेकिन प्रदेश में भी स्वास्थ्य विभाग, शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग से 14 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है।
सामूहिक प्रयास से मिली यह सफलता
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस अभियान को सफल बनाने में केंद्र और राज्य सरकारों के साथ-साथ जमीनी स्तर पर काम करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों की सबसे अहम भूमिका रही है। स्कूलों में शिक्षकों और घरों में अभिभावकों की जागरूकता ने भी किशोरियों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया, जिससे देश ने इतने कम समय में एक करोड़ टीकाकरण का बड़ा पड़ाव पार कर लिया है।



