नवा रायपुर, अटल नगर: छत्तीसगढ़ शासन के चिकित्सा शिक्षा विभाग ने प्रदेश के शासकीय सेवकों और उनके परिवार के आश्रित सदस्यों के उपचार के लिए अंबिकापुर (सरगुजा) स्थित निजी चिकित्सालय Life line Hospital को मान्यता प्रदान की है.
यह आदेश 18 नवंबर 2026 को जारी किया गया है, जिसके तहत अस्पताल को जारी होने की तिथि से 31 मार्च 2027 तक की अवधि के लिए स्वीकृति दी गई है.
इन विभागों में मिलेगा उपचार
शासकीय सेवकों एवं उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को इस अस्पताल में निम्नलिखित 5 सेवाओं के लिए उपचार की सुविधा मिलेगी: जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी,प्रसूति एवं स्त्री रोग ,अस्थि रोग, फिजियोथेरेपी
उपचार और दरों से जुड़े प्रमुख नियम निम्न है –
मान्यता प्राप्त इस निजी अस्पताल में शासकीय सेवकों और उनके परिवार के सदस्यों को केंद्र शासन के कर्मचारियों के लिए लागू सी.जी.एच.एस. (CGHS) योजना की दरों पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.
आदेश के अनुसार, उपचार के लिए पहुंचने पर इलाज तत्काल शुरू करना होगा और अग्रिम धनराशि के अभाव में इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं की जाएगी.
राज्यांतर्गत प्रकरणों में मान्यता प्राप्त अस्पतालों में उपचार के लिए संबंधित जिले के सिविल सर्जन की अनुशंसा अनिवार्य होगी. वहीं, आकस्मिक स्थिति में उपचार कराने पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (चिकित्सा परिचर्या) नियम, 2013 के नियम-10(7) के तहत मुख्यालय लौटने की तिथि से 07 दिवस के भीतर नियंत्रण अधिकारी या कार्यालय प्रमुख को सूचित करना और नियमानुसार कार्योत्तर स्वीकृति प्राप्त करना आवश्यक होगा.
राज्य के बाहर स्थित मान्यता प्राप्त निजी अस्पतालों में उपचार के लिए चिकित्सा महाविद्यालय की रेफरल कमेटी का रेफरल प्रमाण पत्र तथा संबंधित विशेषज्ञ/सुविधा उपलब्ध न होने पर सक्षम अधिकारी द्वारा रेफर किया जाना आवश्यक रहेगा (आकस्मिक स्थिति में 07 दिवस के भीतर सूचना व कार्योत्तर स्वीकृति के नियम लागू होंगे).
यह आदेश छत्तीसगढ़ शासन के चिकित्सा शिक्षा विभाग के द्वारा जारी किया गया है.





