रायपुर:
छत्तीसगढ़ की लाखों महिलाओं के लिए आज का दिन खास होने जा रहा है। राज्य सरकार आज त्योहार के ठीक पहले प्रदेश की माताओं और बहनों को बड़ा आर्थिक उपहार देने जा रही है। महत्वाकांक्षी ‘महतारी वंदन योजना’ की नवंबर माह की 33वीं किस्त का अंतरण आज, 3 नवंबर 2026 को किया जाएगा। राज्योत्सव समारोह के मुख्य मंच पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और सिंगल क्लिक के जरिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) से यह राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में भेजेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे।
67.40 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचेंगे ₹632 करोड़
सरकार द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस चरण में प्रदेश की कुल 67 लाख 40 हजार 410 पात्र महिलाओं को लाभान्वित किया जाएगा। इसके लिए कुल 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये की भारी-भरकम राशि जारी की जा रही है। त्योहार से ठीक पहले खातों में एक-एक हजार रुपये की राशि आने से महिलाओं और उनके परिवारों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
योजना के तहत ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया पूर्ण करा चुकीं राज्यभर की 67 लाख 33 हजार 502 महिला हितग्राहियों को इस किस्त का सीधा लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त, सुदूर वनांचल स्थित ‘नियद नेल्ला नार’ कैंप क्षेत्र की भी 6,908 पात्र महिलाओं को उनकी 13वीं किस्त की राशि प्रदान की जाएगी।
21,350 करोड़ रुपये के पार पहुंचेगा कुल आंकड़ा
छत्तीसगढ़ में 1 मार्च 2024 से लागू इस योजना का सफर बेहद सफल रहा है। पहली किस्त 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जारी की थी। अब तक 32 किस्तों के माध्यम से महिलाओं को कुल 20 हजार 717.87 करोड़ रुपये की सीधी वित्तीय सहायता दी जा चुकी है। आज 33वीं किस्त के 632.63 करोड़ रुपये जुड़ने के बाद यह कुल आंकड़ा बढ़कर 21 हजार 350.50 करोड़ रुपये हो जाएगा।


