अगर आप रिलायंस जियो, भारती एयरटेल या वोडाफोन-आइडिया (Vi) का मोबाइल नंबर इस्तेमाल करते हैं, तो आने वाले महीनों में आपकी जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है। एक नई रिसर्च रिपोर्ट के मुताबिक, अगले 3 से 4 महीनों के भीतर टेलीकॉम कंपनियां अपने मोबाइल रिचार्ज और इंटरनेट प्लान की कीमतों में 12 से 15 फीसदी तक बढ़ोतरी कर सकती हैं।
सेंट्रम इंस्टीट्यूशनल रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय टेलीकॉम बाजार अब कुछ प्रमुख कंपनियों तक सीमित हो गया है। मौजूदा समय में निजी क्षेत्र में जियो, एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया (Vi) के साथ सरकारी कंपनी BSNL ही प्रमुख खिलाड़ी हैं। बाजार में प्रतिस्पर्धा कम होने से कंपनियों के लिए टैरिफ बढ़ाने की संभावना मजबूत मानी जा रही है।
एवरेज रेवेन्यू पर यूजर (ARPU) में होगी बढ़ोतरी
रिपोर्ट के मुताबिक, जून तिमाही में देश की तीनों प्रमुख निजी टेलीकॉम कंपनियों के एवरेज रेवेन्यू पर यूजर (ARPU) में तिमाही आधार पर 1 से 1.5 फीसदी तक की वृद्धि देखने को मिल सकती है। इसका प्रमुख कारण ग्राहकों का तेजी से 2G नेटवर्क छोड़कर 4G और 5G सेवाओं की ओर बढ़ना है। साथ ही पोस्टपेड ग्राहकों की संख्या में बढ़ोतरी भी कंपनियों की कमाई बढ़ा रही है।
Jio और Airtel के जुड़ेंगे लाखों नए ग्राहक
रिपोर्ट के अनुसार, रिलायंस जियो जून तिमाही में करीब 70 लाख नए ग्राहक जोड़ सकती है। वहीं भारती एयरटेल के साथ लगभग 50 लाख नए यूजर्स जुड़ने का अनुमान है। इसके मुकाबले वोडाफोन-आइडिया (Vi) केवल 2 लाख नए ग्राहक ही जोड़ पाएगी।
5G नेटवर्क से बढ़ रहा डेटा इस्तेमाल
देशभर में 4G और 5G नेटवर्क के तेजी से विस्तार के चलते डेटा खपत लगातार बढ़ रही है। जियो और एयरटेल देश के 90 प्रतिशत से अधिक जिलों में अपनी 5G सेवाएं पहुंचा चुकी हैं। अब दोनों कंपनियां ज्यादा से ज्यादा 5G स्मार्टफोन यूजर्स को अपने नेटवर्क से जोड़ने और 5G FWA (फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस) व ब्रॉडबैंड सेवाओं के विस्तार पर जोर दे रही हैं।
Vi भी बढ़ा रही 5G सेवाएं
हालांकि वोडाफोन-आइडिया की ग्राहक वृद्धि धीमी है, लेकिन कंपनी भी अपने 5G नेटवर्क का तेजी से विस्तार कर रही है। फिलहाल Vi की 5G सेवा करीब 100 शहरों तक पहुंच चुकी है और कंपनी आने वाले समय में इसे और बढ़ाने की तैयारी में है।
यदि रिपोर्ट के अनुमान सही साबित होते हैं, तो आने वाले कुछ महीनों में करोड़ों मोबाइल यूजर्स को रिचार्ज के लिए पहले से अधिक रकम खर्च करनी पड़ सकती है।

