जशपुर। जिले के गम्हरिया अघोर आश्रम के पास मिली एक बुजुर्ग की लाश के मामले में जशपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हत्या का सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शादी से लौटते समय हुआ था विवाद
बीती 30 अप्रैल 2026 को जशपुर पुलिस को ग्राम गम्हरिया में एक खेत के पास पंडरीपानी निवासी 75 वर्षीय बलराम उरांव का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने जब संदेह के आधार पर अरविंद कुजूर और सुखनाथ बड़ा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो पूरी कहानी सामने आ गई।
गुलेल से पत्थर मारने पर आया गुस्सा
आरोपियों ने स्वीकार किया कि 29 अप्रैल की रात वे एक शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी रास्ते में बलराम उरांव ने उन पर गुलेल से पत्थर मारना शुरू कर दिया। इस बात से आक्रोशित होकर दोनों ने पास रखी सरई लकड़ी की फाड़ी से बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया और फरार हो गए थे।
पुलिस टीम की सफलता
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 2 मई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मोर ध्वज देशमुख, उपनिरीक्षक भागवत नायकर, सायबर सेल प्रभारी नसरुद्दीन अंसारी और प्रधान आरक्षक अनंत मिराज का सराहनीय योगदान रहा।

