बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की तबीयत ठीक नहीं होने के चलते लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति (KBC)’ की शूटिंग पिछले एक सप्ताह से रुकी हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमिताभ बच्चन पिछले कुछ समय से अच्छा महसूस नहीं कर रहे हैं। ऐसे में शो के मेकर्स ने फिलहाल नए एपिसोड की शूटिंग रोकने का फैसला लिया है।

रणबीर कपूर और साई पल्लवी के साथ शूट हुआ था आखिरी बड़ा एपिसोड
रिपोर्ट्स के अनुसार, KBC का आखिरी बड़ा सेलिब्रिटी एपिसोड फिल्म ‘रामायण’ की स्टारकास्ट के साथ शूट किया गया था। इस एपिसोड में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए पहुंचे थे। मेकर्स ने इस एपिसोड को दिवाली स्पेशल वीक में प्रसारित किया।
अगले सप्ताह शुरू हो सकती है शूटिंग
सूत्रों के मुताबिक, अगर अमिताभ बच्चन की तबीयत में सुधार होता है तो अगले सप्ताह से KBC की शूटिंग दोबारा शुरू हो सकती है। हालांकि, शूटिंग की वापसी को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ब्लॉग में अमिताभ ने कही ये बात
अमिताभ बच्चन ने शनिवार को अपने ब्लॉग में काम पर धीरे-धीरे लौटने और अपनी पुरानी दिनचर्या में वापस आने का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक रोजमर्रा के काम से दूर रहने के बाद दोबारा उसी रूटीन में ढलना आसान नहीं होता।
फिलहाल उनके प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने और KBC के मंच पर वापसी का इंतजार कर रहे हैं।



