सोशल मीडिया सेंसेशन ओरी एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने बॉलीवुड एक्ट्रेस सारा अली खान और उनकी मां अमृता सिंह के साथ बिगड़े रिश्तों पर खुलकर बात की है। ओरी का आरोप है कि उन्होंने मुश्किल समय में सारा का पूरा साथ दिया, लेकिन जब उन्हें खुद एक दोस्त की जरूरत थी, तब सारा ने उनका साथ छोड़ दिया। इतना ही नहीं, ओरी ने दावा किया कि अमृता सिंह ने उन्हें गालियां भी दी थीं।
सारा अली खान से दोस्ती टूटने पर क्या बोले ओरी?
नेहा धूपिया और अंगद बेदी के पॉडकास्ट ‘डबल डेट’ में बातचीत के दौरान ओरी ने सारा अली खान को सोशल मीडिया पर अनफॉलो करने की वजह बताई। उन्होंने कहा कि सारा उनकी बचपन की दोस्त जैसी थीं। दोनों कॉलेज के समय से एक-दूसरे को जानते थे और करीब 10 साल तक उनकी दोस्ती रही।

ओरी के मुताबिक, जब सारा अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर से गुजर रही थीं, तब वह उनके साथ खड़े रहे। उन्होंने सारा के परिवार का भी साथ दिया। लेकिन जब खुद ओरी को मुश्किल समय में सारा के समर्थन की जरूरत पड़ी, तो उन्होंने फोन तक नहीं किया।
अमृता सिंह पर भी लगाए गंभीर आरोप
ओरी ने बातचीत में दावा किया कि सारा की मां अमृता सिंह ने उन्हें काफी डांटा और गालियां दीं। उन्होंने कहा कि अमृता सिंह की बातों और उनके बारे में कही गई गलत बातों से उन्हें काफी दुख पहुंचा। इसी वजह से उन्होंने सारा और उनकी मां दोनों को सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया।
ओरी ने यह भी कहा कि सारा ने उनसे कभी माफी नहीं मांगी। उनके मुताबिक, अब इस दोस्ती को आगे बढ़ाने का कोई मतलब नहीं है।
बोले- बदला लेने में रखता हूं यकीन
बातचीत के दौरान ओरी ने बदला लेने को लेकर भी बेबाक बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह मन में रंजिश रखते हैं और कई सालों तक बदला लेने की योजना बना सकते हैं। अगर कोई उन्हें तकलीफ देता है, तो वह भी उसका हिसाब बराबर करने में विश्वास रखते हैं।
बता दें कि इससे पहले भी ओरी एक इंटरव्यू में अमृता सिंह के साथ अपने विवाद का जिक्र कर चुके हैं। उन्होंने दावा किया था कि साल 2021 में हुई घटना ने उन्हें मानसिक रूप से काफी प्रभावित किया था। हालांकि, इस पूरे विवाद पर सारा अली खान और अमृता सिंह का पक्ष सामने आना बाकी है।


