*सरगुजा संवाददाता उमेश कुमार प्रजापति* अंबिकापुर। सरगुजा जिले में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सरगुजा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में गठित विशेष पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग या सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 5 हजार रुपये के इनाम की भी घोषणा की है।
मामला थाना कोतवाली अंबिकापुर के अपराध क्रमांक 504/2026 से संबंधित है, जिसमें आरोपी तरुण जायसवाल, निवासी ग्राम भफौली के विरुद्ध बीएनएस की धारा 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत अपराध दर्ज है। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार है और पुलिस उसकी तलाश में व्यापक अभियान चला रही है।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के नाम पर जारी 12 बोर डीबीबीएल लाइसेंसी बंदूक एवं उसका लाइसेंस जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध गंभीर आपराधिक प्रकरण लंबित होने के कारण शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू की गई थी। संबंधित कार्रवाई के बाद आरोपी के परिजनों द्वारा बंदूक एवं लाइसेंस पुलिस के समक्ष प्रस्तुत किए जाने पर उन्हें विधिवत जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी की चल एवं अचल संपत्तियों का ब्यौरा राजस्व विभाग से प्राप्त कर लिया है। संपत्ति कुर्की की वैधानिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। इसके अलावा ग्राम भफौली में आरोपी द्वारा कथित रूप से अतिक्रमित भूमि का भी मौका सत्यापन कराया जा रहा है।
सरगुजा पुलिस का कहना है कि आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति आरोपी को शरण देता है या गिरफ्तारी से बचाने में किसी भी प्रकार की मदद करता है, तो उसके विरुद्ध भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम लगातार निगरानी कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी तक अभियान जारी रहेगा।

