नई दिल्ली/रायपुर: ठंड की दस्तक के बीच देशभर के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज यानी 18 नवंबर को अगले कुछ घंटों में छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश सहित देश के 10 राज्यों में मूसलाधार बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है। पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती प्रणाली के कारण आज शाम तक खतरनाक हवाएं चलने के आसार हैं, जबकि उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में घना कोहरा और ठंड बढ़ने की संभावना जताई गई है।
आज इन 10 राज्यों में प्रचंड बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज 18 नवंबर को आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, तमिलनाडु, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, बिहार और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज चक्रवाती हवाएं चलने की चेतावनी है।
आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में समुद्र में उठेगा तूफान, जलभराव की आशंका चक्रवाती सिस्टम के लैंडफॉल (तट से टकराने) के समय समुद्र में सामान्य ज्वार-भाटा के स्तर से 1.0 से 2.0 मीटर ऊंची तूफानी लहरें उठने की आशंका है:
इससे आंध्र प्रदेश के निचले इलाकों—विशेषकर प्रकाशम, बापटला, कृष्णा, पश्चिम गोदावरी, कोनासीमा और काकीनाडा जिलों में पानी भरने का खतरा है।बापटला, कृष्णा और पश्चिम गोदावरी जिलों में 20 नवंबर की सुबह से दोपहर तक इन ऊंची लहरों का सबसे अधिक असर देखने को मिल सकता है, जिसके बाद स्थिति में धीरे-धीरे सुधार होगा।
देश के अलग-अलग हिस्सों में आगामी दिनों के मौसम का हाल
मध्य भारत (छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश व विदर्भ):
छत्तीसगढ़ में आज 18 नवंबर को मूसलाधार बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा 20 से 23 नवंबर को पूर्वी मध्य प्रदेश, 21-22 नवंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश और 20 से 22 नवंबर के दौरान विदर्भ में भारी बारिश के आसार हैं।
दक्षिण भारत (आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक):
18 से 23 नवंबर के दौरान केरल, माहे, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश मुश्किलें बढ़ा सकती है। 19 से 21 नवंबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश में मूसलाधार बारिश होगी, वहीं 19-20 नवंबर को इन राज्यों में 100 से 120 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी-तूफान चलने की आशंका है।
पूर्वी भारत (बिहार, झारखंड, बंगाल, ओडिशा):
आज 18 नवंबर को बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट है। इसके बाद 19-21 नवंबर को गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और 20-21 नवंबर को झारखंड में एक बार फिर तूफानी बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली और उत्तर भारत: राजधानी दिल्ली में आज बारिश की कोई चेतावनी नहीं है, लेकिन कुछ इलाकों में घना कोहरा छा सकता है और तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट से ठंड बढ़ेगी। वहीं, आज पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा 19 से 21 नवंबर तक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में घना कोहरा छाए रहने की प्रबल संभावना है।



