रायपुर:
छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत राज्य के पर्यटन स्थलों पर शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम शुरू करने की व्यापक तैयारी शुरू कर दी गई है।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक और 5वीं नेशनल चीफ सेक्रेटरीज कॉन्फ्रेंस की अनुशंसाओं के अनुपालन में यह कदम उठाया जा रहा है। इसके तहत राज्य के चिन्हित 141 पर्यटन स्थलों पर सरकारी विद्यालयों के लगभग 1,000 विद्यार्थियों को भ्रमण कराए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय और पर्यटन विभाग द्वारा सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) और जिला नोडल अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रस्ताव के अनुसार जिला शिक्षा अधिकारी अपने जिले के नोडल अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर 17 से 21 अगस्त 2026 तक पूरी कार्ययोजना तैयार कर लें, जिससे सितंबर माह के पहले सप्ताह से दीपावली तक यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
बोर्ड कक्षाओं (10वीं और 12वीं) की परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए कक्षा 1 से 9वीं और 11वीं के विद्यार्थियों के भ्रमण को प्राथमिकता दी जाएगी। कार्ययोजना की जानकारी समय-समय पर सीएम पोर्टल पर अपलोड करनी होगी और हर महीने की 5 तारीख तक डेटा अपडेट किया जाएगा।
शैक्षणिक भ्रमण के लिए कैलेंडर और पहले से कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि संबंधित विभाग द्वारा निर्देशानुसार गाइड की व्यवस्था की जा सके।
इस शैक्षणिक भ्रमण के तहत राज्य के विभिन्न संभागों (जैसे रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा और बस्तर संभाग) के कुल 141 प्रमुख ऐतिहासिक, धार्मिक, पुरातात्विक, प्राकृतिक और औद्योगिक पर्यटन स्थलों को शामिल किया गया है। इनमें विद्यार्थियों को स्थानीय संस्कृति, इतिहास और प्राकृतिक धरोहरों से रूबरू कराने के लिए विभिन्न जिलों के चुनिंदा स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन और समन्वय के लिए 10 अगस्त 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्च स्तर पर बैठक आयोजित की जा चुकी है, और अब ज़मीनी स्तर पर इसे अमलीजामा पहनाने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।



































