लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रविवार को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ के अभनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया। शिविर के दौरान राहुल गांधी ने करीब 40 मिनट तक पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने जिलाध्यक्षों और शहर अध्यक्षों के साथ सीधा संवाद कर पार्टी की गतिविधियों और भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श किया।

करीब चार घंटे तक चले कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। रास्ते में उन्होंने एयरपोर्ट के पास एक टपरी पर रुककर चाय का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को बिस्किट भी खिलाया। उनके साथ कांग्रेस नेता सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव और चरणदास महंत समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
अभनपुर में आयोजित यह प्रशिक्षण शिविर पूरी तरह गोपनीय रखा गया था, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ के कारण कई बार अव्यवस्था की स्थिति भी देखने को मिली। भीड़ इतनी अधिक थी कि नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत धक्का-मुक्की के बीच शिविर स्थल के गेट के बाहर ही रह गए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
कांग्रेस के इस प्रशिक्षण शिविर को संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

