बिलासपुर: रेल यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे द्वारा अधोसंरचना विकास कार्य तेज कर दिया गया है। पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल अंतर्गत राजेंद्र पुल-दीनकर ग्राम सिमरिया स्टेशनों के बीच नए रेल पुल को दोहरीकरण परियोजना से जोड़ने तथा दीनकर ग्राम सिमरिया-बरौनी के बीच मेन लाइन कनेक्टिविटी के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग व नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। इस तकनीकी कार्य के चलते दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) जोन से होकर गुजरने वाली कुछ ट्रेनों को रद्द और कई के रूट में बदलाव किया गया है।
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
-
गाड़ी संख्या 22843 बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस: 25 सितंबर और 2 अक्टूबर को बिलासपुर से रद्द रहेगी।
-
गाड़ी संख्या 22844 बक्सर-बिलासपुर एक्सप्रेस: 26 सितंबर और 3 अक्टूबर को बक्सर से संचालित नहीं होगी।
इन ट्रेनों का बदला गया मार्ग (Diverted Routes)
-
17007 चर्लपल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस: 26 और 29 सितंबर को अपने नियमित मार्ग के स्थान पर परिवर्तित रूट किऊल-मुंगेर-बरौनी होकर चलेगी।
-
17008 दरभंगा-चर्लपल्ली एक्सप्रेस: 25 सितंबर, 29 सितंबर और 2 अक्टूबर को मुंगेर-किऊल परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी।
-
17005 हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस: 24 सितंबर और 1 अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग से चलेगी।
-
17006 रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस: 27 सितंबर और 4 अक्टूबर को बदले हुए रूट से हैदराबाद पहुंचेगी।
भूपदेवपुर-राबर्टसन के बीच नहरपाली फाटक 24 सितंबर तक रात में रहेगा बंद
इधर भूपदेवपुर-राबर्टसन स्टेशनों के मध्य स्थित मानव सहित समपार फाटक संख्या 301 (नहरपाली रेलवे फाटक, किमी 605/25-606/02) पर आवश्यक मेंटेनेंस कार्य किया जाएगा। रेलवे प्रशासन के अनुसार 22 सितंबर से 24 सितंबर तक प्रतिदिन रात 8:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक यह फाटक सड़क यातायात के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। रेलवे ने क्रॉसिंग पर सूचना चस्पा कर आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे इस समयावधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।























