नई दिल्ली। आगामी त्योहारों के सीजन में ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट से निपटने के लिए रेलवे बोर्ड बड़ी तैयारी कर रहा है। रेलवे बोर्ड ने सभी क्षेत्रीय रेलवे से समीक्षा रिपोर्ट मांगी है, जिसके आधार पर देश भर की लगभग 3,200 लंबी दूरी की मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में एलएचबी रैक में कोचों की संख्या 20 से बढ़ाकर 24 की जाएगी।
आम यात्रियों पर रहेगा खास ध्यान
नई व्यवस्था के तहत हर ट्रेन में कम से कम 6 से 8 स्लीपर और 4 जनरल (अनारक्षित) कोच रखना अनिवार्य होगा। चार अतिरिक्त कोच जुड़ने से एक ट्रेन में सभी श्रेणियों को मिलाकर 350 से ज्यादा अतिरिक्त सीटें बढ़ेंगी। वर्तमान में कई प्रमुख ट्रेनों में केवल 2 जनरल कोच होने के कारण अनारक्षित यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी, जिससे अब राहत मिलेगी।
इन रूट्स के यात्रियों को मिलेगा बड़ा फायदा
इस फैसले से विशेष रूप से महाराष्ट्र, बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, गुजरात और दक्षिण भारत की ओर जाने वाली ट्रेनों के यात्रियों को फायदा मिलेगा। मुंबई, गुजरात, बेंगलुरु और चेन्नई जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की संभावना काफी बढ़ जाएगी।
स्टेशनों पर करने होंगे तकनीकी बदलाव
हालांकि, 24 कोच वाली ट्रेनों का संचालन शुरू करने के लिए स्टेशनों के प्लेटफॉर्म की लंबाई और सिग्नलिंग व्यवस्था में बदलाव करना होगा, क्योंकि अभी ज्यादातर प्लेटफॉर्म 22 कोच वाली ट्रेनों के हिसाब से तैयार हैं। रेलवे बोर्ड ने सभी डिवीजनों को यात्रियों की मांग का जल्द आकलन कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं, ताकि समय रहते अतिरिक्त कोच और ट्रेनों की मंजूरी दी जा सके।

