दिवाली के बाद दिल्ली-NCR समेत देश के कई इलाकों में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ गया है। दिल्ली में औसत AQI 368 दर्ज किया गया है, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद खराब श्रेणी में आता है। प्रदूषित हवा का सबसे ज्यादा असर बच्चों की सेहत पर पड़ रहा है। कई बच्चों में लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी और फेफड़ों से जुड़ी समस्याएं देखने को मिल रही हैं।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गार्गी माथुर के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह में बच्चों में खांसी, सीने में संक्रमण और सांस संबंधी परेशानियों के मामले बढ़े हैं। प्रदूषण के बेहद छोटे कण सांस के जरिए बच्चों के फेफड़ों तक पहुंचकर नुकसान पहुंचा सकते हैं।
AQI बढ़ने पर बच्चों को बाहर खेलने न भेजें
डॉक्टरों ने सलाह दी है कि जब AQI का स्तर ज्यादा हो, तो बच्चों को पार्क या खुले मैदान में खेलने के लिए बाहर नहीं भेजना चाहिए। बहुत जरूरी होने पर ही उन्हें बाहर निकालें और अच्छी फिटिंग वाला N95 मास्क पहनाएं। बाहर शारीरिक गतिविधियों से भी बचना चाहिए।
घर के अंदर की हवा भी रखें साफ
प्रदूषण का असर केवल बाहर ही नहीं, बल्कि घर के अंदर की हवा पर भी पड़ता है। डॉक्टरों ने बच्चों के कमरे में कमरे के आकार के अनुसार एयर प्यूरीफायर इस्तेमाल करने की सलाह दी है। इसके अलावा घर में धूम्रपान, अगरबत्ती और कपूर जलाने से बचना चाहिए, क्योंकि इनका धुआं भी बच्चों के फेफड़ों को नुकसान पहुंचा सकता है।
अस्थमा और एलर्जी से पीड़ित बच्चों का रखें खास ध्यान
जिन बच्चों को पहले से अस्थमा, एलर्जी, साइनस या सांस संबंधी समस्या है, उन्हें विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। ऐसे बच्चों की जरूरी दवाइयां और इनहेलर हमेशा उपलब्ध रखें। यदि बच्चे को लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी या सीने में जकड़न हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
डॉक्टरों का कहना है कि बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच बच्चों की सेहत को सुरक्षित रखने के लिए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।



