नई दिल्ली:
आधार कार्डधारकों के लिए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने बड़ी राहत दी है। आधार में पहचान और पते से जुड़े दस्तावेजों को ऑनलाइन अपडेट कराने की मुफ्त सुविधा की अंतिम तारीख को आगे बढ़ाकर 14 जून 2027 कर दिया गया है। इस फैसले के बाद नागरिक बिना कोई शुल्क चुकाए घर बैठे myAadhaar पोर्टल के जरिए अपने पहचान प्रमाण पत्र (Proof of Identity) और निवास प्रमाण पत्र (Proof of Address) के दस्तावेज जमा कर सकते हैं।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि यह पूर्ण छूट केवल ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पहचान और पते के सहायक दस्तावेज अपलोड करने पर ही लागू होगी। यदि कोई नागरिक अपने नाम, जन्मतिथि, लिंग, मोबाइल नंबर, ईमेल या बायोमेट्रिक विवरण (फोटो, फिंगरप्रिंट और आइरिस) में संशोधन कराना चाहता है, तो उसे निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होगा और तय सरकारी शुल्क का भुगतान करना होगा।
UIDAI के मौजूदा शुल्क ढांचे के अनुसार:
-
ऑनलाइन डॉक्यूमेंट अपडेट (पहचान व पता): 14 जून 2027 तक पूरी तरह निशुल्क
-
डेमोग्राफिक अपडेट (नाम, पता, जन्मतिथि आदि में बदलाव): ₹75
-
बायोमेट्रिक अपडेट (फोटो, फिंगरप्रिंट, आइरिस): ₹125
-
नया आधार नामांकन: पूरी तरह निशुल्क
इसके अलावा, 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूरी करने वाले बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट भी नियमानुसार पूरी तरह निशुल्क रहता है। बायोमेट्रिक बदलाव या सुधार के लिए आवेदक को आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ नजदीकी आधार सेवा केंद्र पर स्वयं उपस्थित होना होगा।

घर बैठे ऑनलाइन डॉक्यूमेंट अपडेट करने के लिए नागरिक myAadhaar पोर्टल पर जाकर ‘Document Update’ विकल्प चुन सकते हैं। इसके बाद मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के जरिए लॉगिन कर अपने वैध पहचान और पते के दस्तावेजों की स्पष्ट स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी। आवेदन जमा होने के बाद मिलने वाले सर्विस रिक्वेस्ट नंबर (SRN) के जरिए अपडेट की स्थिति को ट्रैक किया जा सकता है। प्राधिकरण द्वारा दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही रिकॉर्ड को अपडेट किया जाता है।
पूरी तरह पेपरलेस होगी छत्तीसगढ़ विधानसभा: अधिकारियों-कर्मचारियों को मिला NeVA का व्यावहारिक प्रशिक्षण, डिजिटल होंगे सभी विधायी काम


