रायपुर। खेल में अपना भविष्य बनाने की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों के लिए जरूरी खबर है। राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से रायपुर जिले में संचालित गैर-आवासीय खेल अकादमियों में प्रवेश और प्रवेश नवीनीकरण के लिए चयन ट्रायल आज 30 सितंबर और कल 1 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जा रहा है।इस चयन प्रक्रिया के जरिए तीरंदाजी, बालिका फुटबॉल, बालक-बालिका हॉकी और बालक-बालिका एथलेटिक्स के खिलाड़ियों का प्रशिक्षण के लिए चयन किया जाएगा। चयन ट्रायल में छत्तीसगढ़ के साथ अन्य राज्यों के 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भी शामिल हो सकते हैं।
आज होगा पंजीयन और शारीरिक परीक्षण
आज 30 सितंबर को खिलाड़ियों का पंजीयन, दस्तावेज परीक्षण, चिकित्सीय परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षण किया जाएगा। पंजीयन सुबह 7 बजे से 11 बजे तक रायपुर के कोटा स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में होगा।ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र और जन्म प्रमाण पत्र या जन्मतिथि वाली प्रमाणित अंकसूची साथ लाना अनिवार्य है।
कल होगा खेल कौशल का परीक्षण
कल 1 अक्टूबर को खिलाड़ियों के खेल कौशल का परीक्षण किया जाएगा। चयन ट्रायल सुबह 7 बजे से निर्धारित खेल मैदानों पर होगा।तीरंदाजी का ट्रायल तीरंदाजी एरिना, बालिका खेल छात्रावास के सामने, जबकि हॉकी का परीक्षण हॉकी स्टेडियम पिच नंबर-2 में होगा। अन्य निर्धारित खेलों के लिए स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा में परीक्षण आयोजित किया जाएगा।
प्रदर्शन के आधार पर होगा चयन
खिलाड़ियों का अंतिम चयन चयन समिति द्वारा उनके खेल प्रदर्शन और क्षमता के आधार पर किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को खेल अकादमी संचालन नियम, 2014 के तहत शासन की ओर से निःशुल्क प्रशिक्षण, खेल परिधान, प्लेइंग किट, बीमा और खेलवृत्ति जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
विभाग ने ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों से समय पर पहुंचने और सभी जरूरी दस्तावेज साथ लाने की अपील की है। जिन खिलाड़ियों ने अभी तक पंजीयन नहीं कराया है, वे आज 30 सितंबर को सुबह 7 से 11 बजे के बीच निर्धारित स्थल पर पहुंचकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।























