रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी दिसंबर 2026 सत्र को लेकर विधानसभा सचिवालय ने विस्तृत अधिसूचना जारी कर दी है। विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा द्वारा 12 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, यह सत्र 14 दिसंबर से 17 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। सचिवालय ने विधायकों द्वारा प्रश्न पूछने (सूचना देने) की अंतिम तिथियों से लेकर विभागों द्वारा सदन में जवाब प्रस्तुत करने तक का पूरा कार्यक्रम चार वर्गों में विभाजित कर जारी कर दिया है।
विधायकों के प्रश्न लगाने और विभागों के जवाब देने का पूरा शेड्यूल:
वर्ग-1 (सदन में उत्तर: सोमवार, 14 दिसंबर 2026):
सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री (सामान्य प्रशासन, खनिज साधन, ऊर्जा, जनसंपर्क, जल संसाधन, विमानन, सुशासन एवं अभिसरण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी, जन शिकायत निवारण), वन मंत्री (वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता, संसदीय कार्य), वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री (वाणिज्य एवं उद्योग, आबकारी, श्रम) तथा राजस्व मंत्री (राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास, उच्च शिक्षा) के विभागों के सवाल लगेंगे। इन विभागों के लिए विधायक 17 नवंबर तक ऑनलाइन और 18 नवंबर तक ऑफलाइन प्रश्न लगा सकेंगे, जबकि विभागों को 7 दिसंबर तक जवाब भेजना होगा।
वर्ग-2 (सदन में उत्तर: मंगलवार, 15 दिसंबर 2026):
दूसरे दिन उप मुख्यमंत्री (लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास, खेलकूद एवं युवा कल्याण), खाद्य मंत्री (खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण), महिला एवं बाल विकास मंत्री (महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण) और स्कूल शिक्षा मंत्री (स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि और विधायी कार्य) के विभागों से जुड़े प्रश्नों के उत्तर दिए जाएंगे। इसके लिए 18 नवंबर तक ऑनलाइन और 19 नवंबर तक ऑफलाइन प्रश्न पूछे जा सकेंगे, तथा विभाग 8 दिसंबर तक उत्तर प्रस्तुत करेंगे।

वर्ग-3 (सदन में उत्तर: बुधवार, 16 दिसंबर 2026): तीसरे दिन उप मुख्यमंत्री (गृह, जेल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी), लोक स्वास्थ्य मंत्री (लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास) और कौशल विकास मंत्री (कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, अनुसूचित जाति विकास) के विभागों की बारी रहेगी। इन विभागों के लिए 22 नवंबर तक ऑनलाइन और 23 नवंबर तक ऑफलाइन प्रश्न जमा किए जा सकेंगे, वहीं विभागों के उत्तर देने की अंतिम तिथि 9 दिसंबर है।
वर्ग-4 (सदन में उत्तर: गुरुवार, 17 दिसंबर 2026):
अंतिम दिन आदिम जाति विकास मंत्री (आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी, मछली पालन, पशुधन विकास), वित्त मंत्री (वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी तथा 20 सूत्रीय कार्यान्वयन) और पर्यटन मंत्री (पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व) के विभागों के प्रश्नों पर जवाब आएंगे। विधायक 22 नवंबर तक ऑनलाइन और 23 नवंबर तक ऑफलाइन प्रश्न लगा सकेंगे, जबकि विभाग 11 दिसंबर तक उत्तर उपलब्ध कराएंगे।
सवाल पूछने और जवाब देने के कड़े नियम तय
विधानसभा सचिवालय ने स्पष्ट किया है कि विधायक निर्धारित अंतिम तिथि को रात्रि 12:00 बजे तक अधिकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के जरिए ऑनलाइन ‘ई-प्रश्न’ भेज सकेंगे, जबकि राजपत्रित अवकाश को छोड़कर कार्यदिवसों में सुबह 11:00 से शाम 4:00 बजे तक मूल प्रपत्र पर ऑफलाइन प्रश्न स्वीकार किए जाएंगे। ई-मेल या फैक्स से भेजे गए प्रश्न मान्य नहीं होंगे। इसके साथ ही, किसी भी एक बैठक के लिए प्राप्त प्रथम 4 प्रश्नों की सूचनाओं के बाद अतिरिक्त प्रश्नों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
दूसरी ओर, विभागों को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित तिथि को कार्यालय समय के भीतर ही प्रश्नों के उत्तर भेजना सुनिश्चित करें। समय पर जवाब न मिलने पर प्रश्नोत्तर सूची में “मंत्री महोदय की ओर से उत्तर प्राप्त नहीं हुआ” की टीप मुद्रित कर दी जाएगी। यदि किसी उत्तर के साथ संलग्न परिशिष्ट 10 या उससे अधिक पृष्ठों के हैं, तो विभागों को 5 प्रतियों के साथ एक इलेक्ट्रॉनिक प्रति (सी.डी.) भी अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी।




