नई दिल्ली/अयोध्या: भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में भारतीय रेलवे ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। रेलवे ने प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या (उत्तर प्रदेश) और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुरधाम (नेपाल) के बीच नई साप्ताहिक रेल सेवा शुरू करने की मंजूरी दे दी है। आगामी 23 नवंबर से शुरू होने जा रही यह सीधी ट्रेन सेवा दोनों देशों के लाखों श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए बड़ी सौगात साबित होगी।
604 किलोमीटर का सफर और प्रमुख स्टॉपेज
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, यह ट्रेन नेपाल के जनकपुरधाम से अयोध्या कैंट के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। अपनी यात्रा के दौरान यह ट्रेन बिहार और उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण शहरों व धार्मिक केंद्रों को आपस में जोड़ेगी।
अपने दोनों टर्मिनल स्टेशनों (जनकपुरधाम और अयोध्या कैंट) के अलावा इस ट्रेन के व्यावसायिक ठहराव निम्नलिखित प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित किए गए हैं:
-
बिहार: जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल और नरकटियागंज।
-
उत्तर प्रदेश: गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम।
काम की तलाश में शरद कपूर ने बॉलीवुड से मांगी मदद, बोले- पैसे नहीं, बस काम चाहिए
शनिवार और सोमवार को होगा साप्ताहिक परिचालन
यह नई रेल सेवा सप्ताह में एक दिन संचालित की जाएगी। निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक, यह ट्रेन हर शनिवार को जनकपुरधाम से रवाना होगी, जबकि वापसी में हर सोमवार को अयोध्या कैंट से जनकपुरधाम के लिए प्रस्थान करेगी। इस समय-सारणी से सप्ताहांत पर धार्मिक यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ व्यापार और अन्य कार्यों से यात्रा करने वाले नागरिकों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
धार्मिक पर्यटन और सीमावर्ती अर्थव्यवस्था को मिलेगा बड़ा बूस्ट
प्रभु श्रीराम और माता सीता की नगरी के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होने से भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन (रामायण सर्किट) को जबरदस्त बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, कारोबार और पारिवारिक कारणों से दोनों देशों के बीच आवागमन करने वाले लोगों को एक सुगम और किफायती विकल्प मिलेगा। इस पहल से बिहार और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में होटल व्यवसाय, स्थानीय परिवहन, पारंपरिक कारीगरों और छोटे व्यापारियों के लिए रोजगार व आय के नए अवसर सृजित होंगे।



