रायपुर: छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी की ‘गारे पेलमा सेक्टर-III’ कोयला खदान ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का मान बढ़ाया है। भारत सरकार के कोयला मंत्रालय द्वारा किए गए वित्तीय वर्ष 2024-25 के स्टार रेटिंग मूल्यांकन में इस खदान ने 92 प्रतिशत अंकों के साथ प्रतिष्ठित ‘5-स्टार रेटिंग’ हासिल की है। इसके साथ ही, देशभर की 206 ओपनकास्ट कोयला खदानों में इसे 20वां स्थान प्राप्त हुआ है। गौरतलब है कि गारे पेलमा सेक्टर-III खदान को पिछले लगातार पांच वर्षों से खान मंत्रालय की ओर से प्रथम पुरस्कार मिलता आ रहा है, और अब इस 5-स्टार रेटिंग ने खदान की उपलब्धियों में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।
नवा रायपुर में आयोजित समारोह में मिला सम्मान कोयला मंत्रालय की ओर से नवा रायपुर स्थित मेफेयर लेक रिसॉर्ट में आयोजित भव्य स्टार रेटिंग अवार्ड समारोह में यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी मुख्य अतिथि तथा केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी को इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया, जिसके बाद जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक एस.के. कटियार ने पावर कंपनी के चेयरमैन सुबोध कुमार सिंह को उपलब्धि की ट्रॉफी भेंट की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और चेयरमैन ने दी बधाई इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के चेयरमैन सुबोध कुमार सिंह ने कंपनी के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है। उन्होंने इसे टीम की कड़ी मेहनत, प्रतिबद्धता और सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां प्रदेश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के साथ-साथ औद्योगिक विकास को भी नई गति देती हैं। इससे राज्य के बिजली संयंत्रों के लिए कोयले की निर्बाध उपलब्धता और बेहतर खनन प्रबंधन सुनिश्चित होता है।
इन 7 प्रमुख मानकों पर खरा उतरने के बाद मिली 5-स्टार रेटिंग कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग व्यवस्था के तहत खदानों का आकलन केवल कोयला उत्पादन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि सात कड़े मानकों पर उनका मूल्यांकन किया जाता है:
-
खनन कार्यों की दक्षता (कार्यक्षमता)
-
पर्यावरण संरक्षण और नियमों का पालन
-
आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीक का इस्तेमाल
-
वित्तीय प्रदर्शन
-
पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (R&R)
-
श्रमिक कल्याण
-
खदान सुरक्षा मानक
गारे पेलमा सेक्टर-III खदान में उत्पादन लक्ष्यों को पूरा करने के साथ-साथ श्रमिकों की सुरक्षा और पर्यावरण अनुकूल वैज्ञानिक खनन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। देश की शीर्ष 20 ओपनकास्ट खदानों में शामिल होना जनरेशन कंपनी की उत्कृष्ट संचालन क्षमता का प्रमाण है।



