राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना और राज्य स्तरीय राशन वितरण प्रणाली को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने के लिए ‘स्मार्ट पीडीएस’ (Smart PDS) प्रणाली पर काम तेज हो गया है। इसके तहत ‘सेवा सेतु’ पोर्टल और मोबाइल ऐप को अपग्रेड किया जा रहा है। सॉफ्टवेयर अपडेशन और तकनीकी टेस्टिंग के चलते वर्तमान में राशन कार्ड में संशोधन और नाम जोड़ने की ऑनलाइन सेवाएं अस्थायी तौर पर रुकी हुई हैं। अपडेशन पूरा होते ही आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों और चॉइस सेंटरों के चक्कर काटने से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।
घर बैठे मोबाइल से मिलेंगी ये 4 बड़ी सुविधाएं
नया सिस्टम लाइव होने के बाद हितग्राही अपने स्मार्टफोन के जरिए खुद ही सारे काम निपटा सकेंगे:नया राशन कार्ड आवेदन: घर बैठे ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा। परिवार में नए सदस्य का नाम शामिल कराने या हटाने का काम सीधे ऐप से।निवास स्थान बदलने पर डिजिटल माध्यम से सुधार।जरूरी दस्तावेज मोबाइल से अपलोड होंगे और आधार के जरिए विवरण स्वतः प्रमाणित होकर दर्ज हो जाएगा।
बिचौलियों की छुट्टी और फर्जीवाड़े पर फुल स्टॉप
केंद्र और राज्य के राशन कार्ड डेटाबेस के एकीकरण से दोहरे या फर्जी राशन कार्डों का खेल पूरी तरह खत्म होगा। राशन कार्ड संबंधी आवेदनों की ट्रैकिंग सीधे मोबाइल पर होगी, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो जाएगी और समय पर काम होगा। नया डिजिटल ढांचा प्रवासी मजदूरों और नागरिकों के लिए देश के किसी भी कोने में निर्बाध राशन प्राप्त करना और अधिक आसान बनाएगा।
“स्मार्ट पीडीएस व्यवस्था को लागू करने के लिए सेवा सेतु पोर्टल का तकनीकी अपडेशन अंतिम चरण में है। इस कारण कुछ दिनों के लिए संशोधन कार्य बाधित हुआ है। जल्द ही यह प्रणाली सुचारू हो जाएगी, जिसके बाद लोगों को घर बैठे मोबाइल से ही सभी सुविधाएं मिलने लगेंगी।”
— अमृत कुजुर, जिला खाद्य नियंत्रक























