महासमुंद (बागबाहरा): छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच प्रशासनिक और तकनीकी लापरवाही का एक हैरान करने वाला मामला महासमुंद जिले से सामने आया है। बागबाहरा तहसील के ग्राम हिच्छा निवासी किसान भोलाराम साहू ने अपनी मेहनत और गाढ़ी कमाई लगाकर खेत में धान की फसल उगाई थी, लेकिन सरकारी डिजिटल क्रॉप सर्वे के ऑनलाइन रिकॉर्ड में उनकी फसल को ‘धान’ की जगह ‘धनिया’ दर्ज कर दिया गया है। कागजों में हुई इस बड़ी चूक के कारण अब किसान उपार्जन केंद्र में अपना धान बेचने के लिए भटकने को मजबूर है।
बिना भौतिक सत्यापन के कर दिया ऑनलाइन अप्रूवल, व्यवस्था पर उठे सवाल इस गड़बड़ी ने डिजिटल सर्वे प्रक्रिया की गुणवत्ता और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं:
कृषि जानकारों और ग्रामीणों के अनुसार, धनिया मुख्य रूप से शीत ऋतु (रबी) में बोई जाने वाली फसल है, जबकि धान वर्षाकालीन (खरीफ) की प्रमुख फसल है।इसके बावजूद सर्वेयर ने खरीफ गिरदावरी के दौरान धनिया को वर्षाकालीन फसल के रूप में ऑनलाइन दर्ज कर दिया।सबसे बड़ा सवाल यह है कि मैदानी स्तर पर बिना किसी भौतिक सत्यापन के इस त्रुटिपूर्ण डेटा को उच्च स्तर पर अनुमोदित (Approve) कैसे कर दिया गया?
पटवारी का अजीबोगरीब तर्क— ‘धान और धनिया के पौधे एक जैसे दिखते हैं’
जब इस गंभीर लापरवाही को लेकर ग्राम हिच्छा की पटवारी अलका यदु से सवाल किया गया, तो उनका बेहद अजीबोगरीब और चौंकाने वाला तर्क सामने आया। पटवारी ने सफाई देते हुए कहा कि “धान और धनिया के पौधे एक जैसे दिखाई देते हैं, संभवतः इसी कारण यह त्रुटि हुई होगी। सर्वेयर ने जो ऑनलाइन दर्ज किया, उसे हमने अप्रूव कर दिया। यदि हम हड़ताल पर न होते, तो अब तक रिकॉर्ड में सुधार हो जाता।”
रिकॉर्ड सुधरने और नया टोकन कटने तक अटकी धान की बिक्री
प्रशासनिक अमले की इस लापरवाही का सीधा खामियाजा किसान को भुगतना पड़ रहा है। खट्टी उपार्जन समिति के प्रबंधक कौशल साहू ने बताया कि जब किसान भोलाराम साहू अपना धान बेचने के लिए समिति पहुंचे, तब ऑनलाइन जांच में पता चला कि राजस्व रिकॉर्ड में फसल की प्रविष्टि गलत है। प्रबंधक के अनुसार, अब जब तक राजस्व विभाग या तहसीलदार के स्तर से इस त्रुटि में सुधार नहीं किया जाता और नया टोकन जारी नहीं होता, तब तक नियमों के तहत किसान का धान नहीं खरीदा जा सकेगा।



