पटवारियों की हड़ताल के बीच सौंपी जा रहीं कई अतिरिक्त जिम्मेदारियां; जिला मुख्यालयों में जुटकर मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री के नाम सौंपेंगे ज्ञापन
रायपुर: अतिरिक्त कार्यभार और संसाधनों की कमी से नाराज छत्तीसगढ़ के राजस्व निरीक्षक (RI) आज यानी 17 नवंबर को एक दिवसीय सामूहिक अवकाश पर हैं। इस दौरान प्रदेश के सभी जिलों के राजस्व निरीक्षक अपने-अपने जिला मुख्यालयों में एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे और मुख्यमंत्री तथा राजस्व मंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे। राजस्व निरीक्षकों के सामूहिक अवकाश पर जाने से प्रदेशभर के तहसील और राजस्व दफ्तरों में जमीन व प्रमाणपत्र से जुड़े कामकाज प्रभावित होने की आशंका है।
पटवारियों की हड़ताल के कारण बढ़ गया है काम का दबाव
छत्तीसगढ़ राजस्व निरीक्षक संघ का कहना है कि पटवारियों की हड़ताल के चलते उनके हिस्से के कई महत्वपूर्ण और तकनीकी काम भी राजस्व निरीक्षकों को सौंपे जा रहे हैं। बिना किसी अतिरिक्त संसाधन, स्टाफ और समुचित व्यवस्था के लगातार काम का दबाव बनाए जाने से राजस्व निरीक्षकों में भारी आक्रोश है। इसके अलावा मैदानी कार्रवाई और सीमांकन के दौरान पुलिस बल की कमी से भी उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इन अतिरिक्त कार्यों का किया जा रहा है विरोध
संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, राजस्व निरीक्षकों पर अपने मूल कार्यों के अलावा जिन अतिरिक्त कार्यों का बोझ डाला जा रहा है, उनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
-
डिजिटल क्रॉप सर्वे (Digital Crop Survey) का अप्रूवल
-
पीवी (PV) ऐप के माध्यम से फसल सर्वे का कार्य
-
एग्रीस्टेक (AgriStack) किसान रजिस्ट्रेशन का अप्रूवल
-
आय, जाति एवं निवास प्रमाणपत्रों का सत्यापन
संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि शासन-प्रशासन द्वारा उनकी मांगों और व्यावहारिक कठिनाइयों पर गंभीरता से विचार कर अतिरिक्त कार्यों के दबाव को कम नहीं किया गया, तो वे आगामी दिनों में आंदोलन की अगली रणनीति तय करने को बाध्य होंगे।



