**रायपुर**
छत्तीसगढ़ में जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राज्यभर के बहुमंजिला आवासीय परिसरों, कोचिंग संस्थानों, होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक ऑडिट करने के निर्देश दिए हैं। हाल ही में देश के विभिन्न हिस्सों में हुई अग्नि दुर्घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव श्री विकास शील ने सभी संभागीय आयुक्तों, जिला कलेक्टरों, नगर निगम आयुक्तों और अग्निशमन विभाग को एक विशेष निरीक्षण अभियान चलाने का आदेश जारी किया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कोचिंग सेंटरों, मॉल, लॉज और सार्वजनिक उपयोग के भवनों में सुरक्षा खामियों को दूर करना है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर जांच की जाएगी:
* अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और वैध फायर एनओसी
* आपातकालीन निकास मार्गों, भवन की संरचनात्मक सुरक्षा और विद्युत वायरिंग की स्थिति
* सीसीटीवी निगरानी, प्राथमिक उपचार सुविधा और आपदा प्रबंधन की तैयारी
* परिसर में लोगों की क्षमता, पार्किंग व्यवस्था और स्वच्छता मानक
मुख्यमंत्री श्री साय ने जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना शासन की जिम्मेदारी है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निरीक्षण में कमियां पाए जाने पर संस्थानों को सुधार के लिए निर्देशित किया जाए और गंभीर अनियमितता मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।

