रायपुर। छत्तीसगढ़ की सभी ग्राम पंचायतों के लिए आज 24 जून यानी बुधवार का दिन बेहद महत्वपूर्ण होने जा रहा है। प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में आज विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने पहले ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं ताकि बैठक का सफल आयोजन हो सके और ग्रामीण इलाकों में जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा सके।
इस विशेष ग्राम सभा का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण आवास योजनाओं में पारदर्शिता लाना और वास्तविक जरूरतमंदों तक लाभ पहुंचाना है।
‘आवास प्लस 2.0’ की लिस्ट का होगा वाचन
ग्राम सभा की इस बैठक में विशेष रूप से ‘आवास प्लस 2.0’ सर्वेक्षण के माध्यम से तैयार की गई सिस्टम जनरेटेड स्थायी प्रतीक्षा सूची (Permanent Waitlist) का ग्रामीणों के सामने अवलोकन और वाचन किया जाएगा। शासन द्वारा जारी मार्गदर्शिका और मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के कड़े नियमों के अनुसार, पूरी तरह से पात्र हितग्राहियों की एक अंतिम प्राथमिकता सूची तैयार की जाएगी।
मौके पर ही दर्ज होंगे दावे और आपत्तियां
इस सूची के वाचन के दौरान यदि किसी ग्रामीण को कोई शिकायत या विसंगति नजर आती है, तो वे अपनी आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। ग्रामीणों से मिलने वाले सभी दावे-आपत्तियों को नियमानुसार प्राप्त कर वहीं उनका त्वरित निराकरण (समाधान) किया जाएगा। ग्राम सभा से अंतिम रूप से अनुमोदन (Approval) मिलने के बाद, इस स्थायी प्रतीक्षा सूची को आधिकारिक ‘आवास सॉफ्टवेयर’ में अपलोड करने की आगे की कार्यवाही की जाएगी।
पंचायतों के आय-व्यय की समीक्षा और अन्य विकास कार्यों पर चर्चा
आवास सूची के अलावा, ग्राम सभा में कई अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों की भी समीक्षा की जाएगी:
-
पिछली ग्राम सभा की बैठक में लिए गए निर्णयों के पालन प्रतिवेदन (Action Taken Report) को सामने रखा जाएगा।
-
ग्राम पंचायतों के पिछले आय-व्यय (बजट) की समीक्षा की जाएगी और उसका अनुमोदन होगा।
-
विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत गांव में स्वीकृत किए गए कार्यों की वर्तमान प्रगति पर चर्चा होगी।
फर्जी e-Challan लिंक से रहें सावधान, केवल आधिकारिक पोर्टल का ही करें उपयोग
रोजगार और आजीविका मिशन को लेकर किया जाएगा जागरूक
इन बैठकों में ग्रामीणों को ‘विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी जाएगी, ताकि ग्रामीण युवा और महिलाएं स्वरोजगार व आजीविका के अवसरों से जुड़ सकें। पंचायत विभाग ने प्रदेश के सभी ग्रामीण नागरिकों से अपील की है कि वे आज आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें, क्योंकि आपकी उपस्थिति ही आपके गांव के विकास की दिशा तय करेगी।

