बगीचा (जशपुर)। जशपुर जिले के बगीचा वन परिक्षेत्र अंतर्गत स्थित प्रसिद्ध धार्मिक व पर्यटन स्थल कैलाश गुफा क्षेत्र में इन दिनों हाथियों के भारी जमावड़े से दहशत का माहौल बना हुआ है। करीब 30 हाथियों का एक बड़ा दल क्षेत्र के जंगलों में लगातार विचरण कर रहा है। हाथियों के इस दल ने हाल ही में एक ग्रामीण पर हमला कर उसे घायल कर दिया, जिससे स्थानीय रहवासियों और श्रद्धालुओं में भारी खौफ है।
कैलाश गुफा क्षेत्र धार्मिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थल है। यहाँ स्थित प्रसिद्ध कैलाश गुफा महादेव मंदिर में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िये पहुँच रहे हैं। सावन माह के दौरान जंगलों के रास्तों से होकर कांवड़ियों की आवाजाही कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में मुख्य मार्ग और मंदिर के समीपवर्ती जंगलों में 30 हाथियों की सक्रिय मौजूदगी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।
हाथियों का यह विशाल दल कैलाश गुफा और उससे सटे सघन जंगलों में लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है। पहाड़ी और घुमावदार रास्तों पर हाथियों के अचानक सामने आ जाने का खतरा बना हुआ है, जिसके चलते आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी भय का माहौल है।
वन विभाग अलर्ट मोड पर, निगरानी और मुनादी जारी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग का अमला पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। वनकर्मियों की विशेष टीमें हाथियों के मूवमेंट पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।वन विभाग ने श्रद्धालुओं, कांवड़ियों और ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी है कि वे अकेले जंगल के रास्तों पर न निकलें। हाथियों के दिखने पर उनके पास जाने, सेल्फी लेने या उन्हें छेड़ने का प्रयास बिल्कुल न करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। वन अमला लगातार संवेदनशील इलाकों में मुनादी करवाकर लोगों को जागरूक कर रहा है ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।





