*बतौली संवाददाता उमेश कुमार प्रजापति* सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर तेज आंधी-बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला का शव घर के सामने औंधे मुंह पड़ा मिला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बोदा के बैगापारा निवासी 56 वर्षीय चंद्रमुनि कोरवा, पति सुखराम कोरवा, सोमवार दोपहर करीब 1 बजे बोयरगोड़ा स्थित अपने नए घर और फसल देखने अकेली गई थीं। इसी दौरान क्षेत्र में तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
इधर, देर शाम तक जब चंद्रमुनि घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने पूरे गांव में उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद परिजन बोयरगोड़ा स्थित नए घर पहुंचे, जहां घर के सामने उनका शव औंधे मुंह पड़ा मिला। इसके बाद घटना की सूचना बतौली पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर है।

