रायपुर: छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज होने वाली कैबिनेट बैठक में नई धान खरीदी नीति को आधिकारिक मंजूरी मिलने की पूरी संभावना है। प्रस्तावित नीति के तहत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, नए खरीदी केंद्रों के गठन और बारदानों की उपलब्धता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अंतिम मुहर लग सकती है।
प्रदेश में इस वर्ष 15 नवंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जाएगी। किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जाएगा, वहीं प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान बेचने की सीमा निर्धारित किए जाने का प्रावधान रखा गया है।
किसानों को लंबी दूरी तय न करनी पड़े और केंद्रों पर भीड़ का दबाव कम हो, इसके लिए राज्यभर में 360 नए धान खरीदी केंद्र खोलने की योजना तैयार की गई है। सरकार ने इस सीजन में कुल 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है, जिसके सुचारू संचालन के लिए बारदानों की व्यवस्था लगातार जारी है। अब सबकी निगाहें आज होने वाली इस कैबिनेट बैठक पर टिकी हैं।


