अब देश में चल सकेंगी 100% इथेनॉल से चलने वाली कारें, नियमों में हुआ बदलाव
चक्रवात ‘अर्नब’ का खतरा: उत्तर प्रदेश, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में हाई अलर्ट
चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित असर को देखते हुए उत्तर प्रदेश, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में सतर्कता बढ़ा दी गई है। मौसम विभाग ने भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।
ओडिशा में संवेदनशील इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है, जबकि छह दक्षिणी जिलों में शैक्षणिक संस्थान बंद रखने का फैसला लिया गया है। वहीं, आंध्र प्रदेश सरकार ने राहत कार्यों के लिए 20 जिलों को 27 करोड़ रुपये जारी किए हैं। उत्तर प्रदेश में 28 से 31 अक्तूबर के बीच बेमौसम बारिश की आशंका है। राज्य सरकार ने लोगों और किसानों के लिए सतर्कता संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
छत्तीसगढ़ में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर नई भर्ती प्रक्रिया लागू
विभिन्न राज्यों में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 27 और 28 अक्तूबर को आंध्र प्रदेश, 28 अक्तूबर को दक्षिणी और तटीय ओडिशा के कई जिलों में मूसलाधार और अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में भी 28 अक्टूबर को भारी से बेहद भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा, 28 से 30 अक्तूबर के दौरान झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। सिक्किम और विदर्भ क्षेत्र में भी 28 से 30 अक्तूबर के बीच बारिश की संभावना जताई गई है।
ओडिशा: छह जिलों में स्कूल बंद, संवेदनशील इलाकों से निकाले जा रहे लोग
ओडिशा सरकार ने चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए गंजाम, गजपति, रायगड़ा, मलकानगिरी, कोरापुट और नबरंगपुर जिलों में विशेष सतर्कता बरती है। इन जिलों में 28 और 29 अक्तूबर को स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात 28 अक्तूबर की सुबह आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी के यानम तट के बीच बापटला और विशाखापत्तनम के आसपास बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में दस्तक दे सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने और झोंके 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
प्रशासनिक तैयारियां और सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि चक्रवात का केंद्र भले ही आंध्र प्रदेश और यानम के आसपास हो, लेकिन ओडिशा में भी इसका व्यापक असर पड़ सकता है। राज्य में भारी बारिश और 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है।
आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य जानमाल के नुकसान को शून्य रखना है। निचले और संवेदनशील इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। पहले चरण में गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगों और बच्चों को चक्रवात आश्रय स्थलों में भेजा जा रहा है।
राज्य में एनडीआरएफ की छह और ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ओडीआरएएफ) की 24 टीमें तैनात की गई हैं। अग्निशमन विभाग और पुलिस को भी तैयार रखा गया है। समुद्र में मछली पकड़ने और संवेदनशील जिलों में समुद्र तटों, पहाड़ियों, झरनों, बांधों तथा पर्यटन स्थलों पर जाने पर रोक लगाई गई है। रेलवे ने खराब मौसम के मद्देनजर दक्षिण तटीय रेलवे की आठ ट्रेनें रद्द कर दी हैं, जबकि दो ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य से पहले ही समाप्त करने का फैसला लिया गया है।
सेनाओं को किया गया सतर्क
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) ने आंध्र और ओडिशा में अपनी टीमें तैनात की हैं। सेना, नौसेना, वायु सेना और भारतीय तटरक्षक बल की बचाव टीमें भी पूरी तरह तैयार हैं। भारतीय तटरक्षक बल ने कई जहाजों को घाटों पर पहुंचाया है, जबकि अन्य जहाजों को तट पर लौटने के लिए सतर्क किया गया है।
आंध्र प्रदेश: राहत कार्यों के लिए 27 करोड़ रुपये जारी
आंध्र प्रदेश सरकार ने चक्रवात से निपटने के लिए 20 जिलों को कुल 27 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इसका इस्तेमाल राहत एवं बचाव कार्यों, लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, भोजन और पेयजल उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य शिविर लगाने में किया जाएगा।
भिलाई में ₹4 करोड़ कैश बरामद, पिकअप के गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जा रहे थे नोटों के बंडल
सरकार ने संवेदनशील इलाकों में एनडीआरएफ की 15 टीमें तैनात की हैं। प्रभावित क्षेत्रों में शैक्षणिक संस्थानों को एहतियातन बंद रखने और समुद्र तटों पर आम लोगों की आवाजाही रोकने का फैसला लिया गया है। मंगलवार दोपहर से तटीय सड़कों पर आवाजाही भी रोकने की योजना है।
प्रशासन ने पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 2,613 आपातकालीन पानी के टैंकर तैयार रखे हैं। इसके अलावा, बचाव कार्यों के लिए नावें, लाइफ जैकेट, लाइफ ब्वॉय और पेड़ काटने वाली टीमें भी तैनात की गई हैं।
दिवाली मेन्यू का ‘सीक्रेट हीरो’: सूरन की सब्जी के बिना अधूरी क्यों मानी जाती है त्योहार की थाली?
अन्य राज्यों में चक्रवात का प्रभाव (26 से 31 अक्तूबर)
चक्रवात अर्नब का असर आंध्र प्रदेश और ओडिशा के अलावा कई अन्य राज्यों में भी देखने को मिल सकता है। आईएमडी ने 26 से 31 अक्तूबर के बीच अलग-अलग इलाकों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की आशंका जताई है:
- अंडमान द्वीपसमूह: 26 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश के बाद राहत का अनुमान।
- आंध्र प्रदेश: 27 और 28 अक्तूबर को तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर 7 से 20 सेंटीमीटर तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर 21 सेंटीमीटर या उससे अधिक अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है। 29 अक्तूबर को उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
- ओडिशा: 27 अक्तूबर को दक्षिणी ओडिशा में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और उत्तरी ओडिशा में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 28 अक्तूबर को दक्षिणी ओडिशा में कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश और उत्तरी ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है। 29 अक्तूबर को आंतरिक ओडिशा में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
- तेलंगाना: 28 अक्तूबर को पूर्वी तेलंगाना में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
- छत्तीसगढ़: 27 अक्तूबर को दक्षिणी छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 28 अक्तूबर को दक्षिणी छत्तीसगढ़ और 29 अक्तूबर को उत्तरी छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है।
- झारखंड: 28 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 29 अक्तूबर को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
- बिहार: 29 और 30 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 31 अक्तूबर को कहीं-कहीं भारी बारिश होने की आशंका है।
- पश्चिम बंगाल: गंगा के मैदानी क्षेत्रों के तटीय जिलों में 28 और 29 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 29 और 30 अक्तूबर को कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।
- विदर्भ: 28 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 29 अक्तूबर को पूर्वी विदर्भ में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की आशंका है।
- पूर्वी मध्य प्रदेश: 28 और 30 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 29 अक्तूबर को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
- पूर्वी उत्तर प्रदेश: 29 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। 30 अक्तूबर को पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। 31 अक्तूबर को भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में स्कूलों में अवकाश घोषित
चक्रवाती तूफान के संभावित असर को देखते हुए छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में 27 अक्टूबर को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। मौसम विभाग की चेतावनी और खराब मौसम की आशंका को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। आदेश के अनुसार 27 अक्टूबर को जिले में संचालित सभी स्कूल बंद रहेंगे।
यूट्यूब का बड़ा अपडेट: अब लिखकर तैयार कर सकेंगे अपनी मनपसंद वीडियो फीड, होम टैब का डिजाइन भी बदला


