हैदराबाद: शादी-ब्याह और त्योहारों के सीजन में मिठाइयों व केक की सजावट के नाम पर लोगों की सेहत से हो रहे बड़े खिलवाड़ का हैदराबाद पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चारमीनार और आसपास के इलाकों में छापेमारी कर ऐसी चार अवैध इकाइयों का भंडाफोड़ किया है, जहां असली चांदी के वर्क के नाम पर सस्ता और घातक एल्युमिनियम का वर्क तैयार कर बाजार में खपाया जा रहा था।
काजू कतली और केक में हो रहा था इस्तेमाल, भारी मात्रा में माल जब्त छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने मौके से 49 बंडल नकली चांदी की पत्तियां, एल्युमिनियम के फ्लेक्स और एक किलो नकली चांदी की परत चढ़ी चीनी की गोलियां (Silver Balls) जब्त की हैं:
-
बिना लाइसेंस चल रहा था गोरखधंधा: पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिना वैध FSSAI लाइसेंस के यह गैर-खाद्य ग्रेड वर्क बना रहे थे, जिसे काजू कतली, काजू रोल और मीठे पान में लगाने के लिए मिठाई दुकानों तथा केक की सजावट के लिए बेकरियों में सप्लाई किया जाता था।
-
सेहत पर गंभीर खतरा: स्वास्थ्य विशेषज्ञों और पुलिस के अनुसार, गैर-खाद्य ग्रेड एल्युमिनियम के लंबे समय तक सेवन से व्यक्ति की किडनी, तंत्रिका तंत्र (नर्वस सिस्टम), हड्डियों और पाचन तंत्र को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। पुलिस ने चारों इकाइयों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



