रायपुर | 17 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ के कैंसर मरीजों और उनके परिजनों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर सामने आई है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA), छत्तीसगढ़ ने प्रदेश के सभी दवा निर्माताओं, वितरकों, स्टॉकिस्टों, खुदरा दवा विक्रेताओं, अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और कैंसर उपचार संस्थानों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत 137 गैर-अनुसूचित कैंसर रोधी दवाओं (Anti-Cancer Drugs) की संशोधित और किफायती अधिकतम खुदरा कीमतों (MRP) का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य कर दिया गया है। ये नई संशोधित कीमतें 9 नवंबर 2026 से पूरे प्रदेश में प्रभावी हो चुकी हैं।
क्यों घटाई गईं कीमतें?
नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जानकारी दी है कि भारत सरकार के राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) द्वारा 17 अक्टूबर 2026 को एक आदेश जारी किया गया था। इस आदेश के जरिए इन जीवनरक्षक दवाओं पर ‘व्यापार मार्जिन युक्तिकरण’ (Trade Margin Rationalization) लागू किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य इन महंगी दवाओं के दामों में भारी कमी कर इसका सीधा लाभ सीधे मरीजों तक पहुँचाना है। सभी संस्थानों को एनपीपीए द्वारा जारी नवीनतम मूल्य सूची के आधार पर ही दवाओं की बिक्री सुनिश्चित करनी होगी।
अस्पतालों और दुकानदारों के लिए कड़े निर्देश:
मूल्य सूची प्रदर्शित करना अनिवार्य:
सभी मेडिकल संस्थानों, अस्पतालों और दवा दुकानों को संशोधित मूल्य सूची अपने परिसर में ऐसी जगह पर लगानी होगी जहाँ मरीज और उनके परिजन इसे आसानी से देख सकें। इसके अलावा, अस्पतालों को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर भी यह सूची अपलोड करनी होगी।
नियमित मिलान:
अस्पतालों को यह सुनिश्चित करना होगा कि मरीजों को दी जाने वाली दवाइयां संशोधित सूची के अनुरूप ही बिल की गई हैं या नहीं।
दवाओं की उपलब्धता:
संस्थानों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने यहाँ कैंसर रोधी दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखें ताकि मरीजों को किसी भी प्रकार की कमी का सामना न करना पड़े।
मनमाना पैसा वसूलने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि किसी भी अस्पताल या दवा विक्रेता द्वारा निर्धारित संशोधित एमआरपी से अधिक राशि वसूली गई या नियमों का उल्लंघन किया गया, तो औषधि मूल्य नियंत्रण आदेश, 2013 एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को पूरा सहयोग देना होगा।
यहाँ दर्ज कराएं शिकायत (अतिरिक्त वसूली या दवा की कमी पर)
यदि किसी मरीज या परिजन से तय कीमत से ज्यादा पैसे वसूले जाते हैं या दवा उपलब्ध नहीं होती है, तो वे तुरंत निम्नलिखित माध्यमों से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं:
- छत्तीसगढ़ मूल्य निगरानी एवं संसाधन इकाई (CGPMRU): 9340597097
- एनपीपीए हेल्पलाइन (टोल-फ्री): 1800-111-255
- मोबाइल ऐप/पोर्टल: फार्मा सही दाम (Pharma Sahi Daam App)
- ईमेल (राज्य स्तर): cg-pmru@cg.gov.in / controllerraipur@gmail.com
- ईमेल (राष्ट्रीय स्तर): monitoring-nppa@gov.in
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने प्रदेश के सभी नागरिकों और मरीजों के परिजनों से अपील की है कि कैंसर की दवाएं खरीदते समय संशोधित कीमतों की जानकारी अवश्य रखें और किसी भी प्रकार की अनियमितता या ओवरचार्जिंग की सूचना तुरंत ऊपर दिए गए नंबरों या ईमेल पर दें।



