लोहरदगा में अवैध संबंध के शक में खूनी खेल: दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां-बाप का साया
लोहरदगा : झारखंड के लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भंडरा गांव में रविवार देर रात करीब 11 बजे एक दिल दहला देने वाले दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पत्नी के कथित अवैध संबंध के शक में पति ने अपनी पत्नी पूजा देवी (31) और पटना (बिहार) निवासी युवक रोहित कुमार (32) की टांगी से निर्मम हत्या कर दी। वारदात इतनी वीभत्स थी कि टांगी के वार से महिला का सिर धड़ से अलग हो गया, जबकि युवक के चेहरे पर भी कई गहरे वार किए गए। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति सोनू लहरी (38), पिता स्वर्गीय तारणी लहरी को गिरफ्तार कर लिया है।
दूसरे कमरे में आपत्तिजनक स्थिति में देखने पर खोया आपा
ग्रामीणों और प्रारंभिक जांच से मिली जानकारी के अनुसार, सोनू लहरी और उसकी पत्नी पूजा देवी के बीच कथित अवैध संबंध को लेकर लंबे समय से विवाद और तनाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि पत्नी के पति के साथ ठीक से न रहने की बात भी सामने आई है:
रविवार की रात आरोपी सोनू लहरी अपने दोनों बच्चों के साथ घर के एक कमरे में सोया हुआ था, जबकि उसकी पत्नी पूजा देवी दूसरे कमरे में रोहित कुमार के साथ मौजूद थी।इसी दौरान पति ने कथित तौर पर दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया, जिससे वह आगबबूला हो गया।गुस्से में आकर उसने घर में रखी टांगी उठाई और दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मां की मौत और पिता की गिरफ्तारी से दो मासूमों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस दोहरे हत्याकांड का सबसे मार्मिक और दुखद पहलू परिवार के दो मासूम बच्चे हैं, जिनकी उम्र महज 7 और 10 वर्ष बताई जा रही है। इस खूनी वारदात में जहां बच्चों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए छिन गया, वहीं हत्या के आरोप में पिता के जेल जाने से उनके सामने भरण-पोषण और भविष्य का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। हंसते-खेलते परिवार के इस तरह उजड़ जाने से पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम, आरोपी पति गिरफ्तार
वारदात की सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता, एसआई रविकांत कुमार, एसआई रामदेव राय और एएसआई शाकिर अली पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का मुआयना कर हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और विस्तृत जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा।



