रायपुर: विश्वकर्मा जयंती के पावन अवसर पर रायपुर के इनडोर स्टेडियम में भव्य श्रमिक महासम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभाने वाले श्रमिकों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं देने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से जन्मदिन की बधाई भी दी।
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी की सराहना करते हुए कहा कि वे “आधुनिक भारत के विश्वकर्मा” हैं, जो देश के निर्माण और विकास को नई दिशा दे रहे हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि श्रमिक देश और प्रदेश की रीढ़ हैं, और सरकार उनके कल्याण तथा सुविधाओं के लिए लगातार प्रतिबद्ध होकर काम कर रही है।
श्रमिकों के लिए मुख्यमंत्री की 3 प्रमुख घोषणाएं:
- श्रमिक जन सुविधा केंद्र: प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में जल्द ही ‘श्रमिक जन सुविधा केंद्र’ स्थापित किए जाएंगे, जहां श्रमिकों को सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिल सकेंगी।
- ई-बाइक सहायता योजना: श्रमिकों के आवागमन को आसान और सुगम बनाने के लिए ई-बाइक खरीदने हेतु एक नई सहायता योजना शुरू की जाएगी।
- ई-रिक्शा अनुदान में बंपर बढ़ोतरी: असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए ई-रिक्शा पर मिलने वाले अनुदान को दोगुना कर दिया गया है।
अब ई-रिक्शा के लिए मिलेगा ₹1 लाख का अनुदान:
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब श्रमिकों को ई-रिक्शा खरीदने के लिए ₹1 लाख तक का अनुदान दिया जाएगा, जो कि पहले मात्र ₹50,000 था। सरकार के इस कदम का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों को आर्थिक रूप से मजबूत करना और उनके दैनिक जीवन को सुगम व सुविधाजनक बनाना है।
सरकार की इन कल्याणकारी घोषणाओं से राज्य के श्रमिकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।























