रायपुर:
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शनिवार को आतंकवादियों ने बेकसूर मजदूरों को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों को गोली लगी, जिनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
दूसरी ओर, इस दर्दनाक हादसे पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया है।
एक मजदूर ने तोड़ा दम, दूसरे का इलाज जारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमले में छत्तीसगढ़ निवासी दीपक रात्रे (24 वर्ष), पिता उमाशंकर रात्रे की गोली लगने से दुखद मृत्यु हो गई। वहीं भूपेंद्र (28 वर्ष), पिता दशरथ गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायल मजदूर को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया शोक
इस कायराना हमले पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (ट्विटर) पर शोक संदेश जारी किया।
उन्होंने लिखा— “कश्मीर के कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के एक श्रमिक की दुखद मृत्यु एवं एक श्रमिक के घायल होने की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। घायल श्रमिक का स्थानीय अस्पताल में समुचित इलाज जारी है। अधिकारियों को इस संदर्भ में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मृतक श्रमिक को विनम्र श्रद्धांजलि एवं घायल श्रमिक के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना।”
राज्य सरकार ने जम्मू-कश्मीर प्रशासन से संपर्क साधकर घायल मजदूर के बेहतर इलाज और मृतक के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक गृह ग्राम लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

