**बेमेतरा, 29 जुलाई:** कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र साजा के विभिन्न विद्यालयों में किए गए कंप्यूटर क्रय संबंधी प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश जारी किए हैं। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार कंप्यूटर खरीदी की गुणवत्ता एवं संपूर्ण प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच के लिए चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है।
गठित समिति में डिप्टी कलेक्टर श्री कृष्ण कुमार साहू को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं जिला कोषालय अधिकारी श्री प्रशांत प्रधान, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री महेंद्र कुमार वर्मा तथा जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री रोहित चंद्रवंशी को समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है।
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने समिति को निर्देशित किया है कि वह संबंधित विद्यालयों में क्रय किए गए कंप्यूटरों की गुणवत्ता, उपलब्धता एवं क्रय प्रक्रिया की विस्तृत जांच कर तथ्यों के आधार पर सात दिवस के भीतर विस्तृत जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करना सुनिश्चित करे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ की जाएगी, ताकि यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

