बालाघाट से बैहर मार्ग पर रविवार शाम करीब पौने सात बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में अर्टिगा कार को ओवरटेक करने के प्रयास में नारायण ट्रेवल्स की एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद सड़क पर ही पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में बस में सवार करीब 25 यात्री घायल हो गए हैं। हादसा रूपझर थाना क्षेत्र अंतर्गत लौंगुर और चिखलाझोड़ी गांव के बीच घटित हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, नारायण ट्रेवल्स की बस (क्रमांक MP 50 ZF 6483) बालाघाट जिला मुख्यालय के मुख्य बस स्टैंड से सालेटेकरी के लिए रवाना हुई थी। बस में लगभग 40 से 45 यात्री सवार थे। जैसे ही बस लौंगुर और चिखलाझोड़ी के मध्य पहुंची, चालक ने आगे चल रही अर्टिगा कार को तेजी से ओवरटेक करने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ओवरटेक के दौरान बस कार से टकरा गई और चालक का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद बेकाबू बस सड़क किनारे लगे पेड़ से जा भिड़ी और जोरदार धमाके के साथ पलट गई।
हादसा होते ही मौके पर कोहराम मच गया और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई। कई मुसाफिर सीटों के बीच बुरी तरह फंस गए, जिन्हें राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही रूपझर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया।























