रायपुर: राशनकार्डधारियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। अब उचित मूल्य की दुकान पर ई-पॉस (e-PoS) मशीन में अंगूठे का निशान न लगने पर भी किसी पात्र हितग्राही को खाली हाथ नहीं लौटना पड़ेगा। बुजुर्गों, श्रमिकों और अन्य हितग्राहियों के चेहरे की पहचान (फेस ऑथेंटिकेशन) कर उन्हें राशन दिया जा सकेगा। इसके अलावा, किसी सदस्य की ई-केवाईसी अधूरी होने या पोर्टल पर ‘नॉट वेरिफाइड’ दिखने पर भी परिवार का राशन बंद नहीं होगा।
राशन कार्ड निरस्त होने और नाम कटने की आशंकाओं के बीच खाद्य विभाग ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा ने बताया कि केवल ई-केवाईसी या वेरिफिकेशन की प्रक्रिया लंबित होने के कारण किसी भी पात्र परिवार का खाद्यान्न नहीं रोका जाएगा।
फेस ऑथेंटिकेशन से होगा सत्यापन, नाम-जन्मतिथि भी दुकान पर सुधरेगी
चेहरे से ई-केवाईसी:
जिन लोगों के फिंगरप्रिंट मशीन में दर्ज नहीं हो पाते या पोर्टल पर जिनके नाम के आगे ‘नॉट वेरिफाइड’ लिखा आ रहा है, वे गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध ‘फेस ऑथेंटिकेशन एप’ के जरिए घर बैठे या दुकान पर सत्यापन करा सकते हैं।
23 साल के भीतर हाथियों ने ली 1340 लोगों की जान, 1740 हमलों में 400 से ज्यादा घायल; जानें क्यों गांवों पर काल बनकर टूट रहे हैं गजराज और कौन से जिले हैं सबसे ज्यादा संवेदनशील
दुकान पर ही त्रुटि सुधार:
आधार के अनुसार राशन कार्ड में नाम, जन्मतिथि या अन्य व्यक्तिगत जानकारी गलत दर्ज होने पर अब खाद्य कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। हितग्राही उचित मूल्य दुकान संचालक से संपर्क कर ई-पॉस मशीन के तकनीकी विकल्पों के माध्यम से ही इसमें सुधार करा सकेंगे।
कम राशन मिलने की शिकायतों का होगा त्वरित निराकरण
आवंटन या तकनीकी गड़बड़ी के कारण पूर्व में निर्धारित मात्रा से कम राशन मिलने की शिकायतों पर भी विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। यदि किसी हितग्राही की कम राशन मिलने की समस्या का निराकरण हो चुका है, तो उसे शेष खाद्यान्न उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। दुकान संचालक बिना रिकॉर्ड और आवंटन की जांच किए किसी को वापस नहीं लौटा सकेंगे। इसकी जांच और समाधान की जिम्मेदारी सहायक खाद्य अधिकारियों व खाद्य निरीक्षकों को दी गई है।
घर बैठे उठाएं इन ऑनलाइन सुविधाओं का लाभ विभाग ने राशन कार्ड से जुड़ी कई सेवाओं को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है, जिससे दफ्तरों में भटकने की जरूरत खत्म हो गई है:
नया कार्ड और नाम जोड़ना/हटाना:
उपभोक्ता विभाग के पोर्टल [https://cg.smartpds.nic.in](https://cg.smartpds.nic.in) पर ‘सिटीजन लॉगिन’ के माध्यम से तीन प्रमुख आवेदन घर बैठे कर सकते हैं— (1) नया राशन कार्ड बनवाने, (2) पहले से जारी कार्ड में नए सदस्य का नाम जोड़ने और (3) किसी सदस्य का नाम हटाने के लिए। इसके लिए आधार या राशन कार्ड नंबर और लिंक मोबाइल पर आने वाले ओटीपी (OTP) का उपयोग करना होगा।
गांव में हाथी घुसते ही बज उठेगा AI हूटर; 75 कॉरिडोर होंगे मजबूत
पुराने कार्ड से खोजें नया आरसी नंबर:
जिन परिवारों के पास पुराने (लेगेसी) राशन कार्ड हैं और उन्हें नया आरसी (RC) नंबर नहीं पता है, वे विभाग के लिंक [https://fcs.cg.gov.in/pdsonline/foodcontroller/OldRCSearch.aspx](https://fcs.cg.gov.in/pdsonline/foodcontroller/OldRCSearch.aspx) पर जाकर घर बैठे अपना विवरण और नया नंबर देख सकते हैं।
दुकानदारों की कार्यप्रणाली पर रहेगी कड़ी निगरानी
खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा के मुताबिक, सभी उचित मूल्य दुकान संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे हितग्राहियों को सही जानकारी दें और तकनीकी विकल्पों का उपयोग कर उनकी समस्याएं हल करें। व्यवस्थाओं की निगरानी और पात्र परिवारों को पूरा राशन दिलाने के लिए खाद्य निरीक्षकों व सहायक खाद्य अधिकारियों को नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं।