नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस 2026 की पूर्व संध्या पर देश की आंतरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और कानून व्यवस्था में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सुरक्षा बलों के जवानों व अधिकारियों के लिए पदकों की घोषणा कर दी गई है। गृह मंत्रालय के अनुसार, इस वर्ष पुलिस, अग्निशमन विभाग, होम गार्ड, नागरिक सुरक्षा (Civil Defence) और सुधारात्मक सेवाओं (Corrective Services) के कुल 1057 अधिकारियों और कर्मचारियों को वीरता एवं सेवा पदक प्रदान किए गए हैं।
301 कर्मियों को मिला वीरता पदक (GM)
जीवन और संपत्ति की रक्षा, अपराध नियंत्रण तथा अदम्य साहस का परिचय देने वाले कुल 301 कर्मियों को वीरता पदक से नवाजा गया है।इनमें से 272 पदक पुलिस कर्मियों को और 29 पदक अग्निशमन सेवा के कर्मियों को मिले हैं।नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सर्वाधिक पदक: कुल 301 वीरता पुरस्कारों में से सबसे ज्यादा 197 पदक वामपंथी उग्रवाद (LWE) प्रभावित क्षेत्रों में तैनात जवानों को दिए गए हैं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर से 51, पूर्वोत्तर राज्यों से 12 और अन्य क्षेत्रों से 41 कर्मियों को वीरता सम्मान मिला है।
सेवा पदक: 92 को राष्ट्रपति पदक (PSM) और 664 को सराहनीय सेवा पदक (MSM)
विशिष्ट और असाधारण सेवा रिकॉर्ड के लिए 92 कर्मियों को ‘विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक’ (PSM) प्रदान किया गया है। वहीं कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के लिए 664 कर्मियों को ‘सराहनीय सेवा पदक’ (MSM) से सम्मानित किया गया है।
सेवावार पदकों का विवरण:
| पदक का नाम | पुलिस सेवा | अग्निशमन सेवा | होम गार्ड व नागरिक सुरक्षा | सुधारात्मक सेवा | कुल संख्या |
| राष्ट्रपति पदक (PSM) | 83 | 04 | 03 | 02 | 92 |
| सराहनीय सेवा पदक (MSM) | 606 | 28 | 18 | 12 | 664 |
| वीरता पदक (GM) | 272 | 29 | 00 | 00 | 301 |
| कुल योग | 961 | 61 | 21 | 14 | 1057 |
आधिकारिक पोर्टल पर पूरी सूची उपलब्ध
सम्मानित होने वाले सभी पुलिस, दमकल और सुरक्षा कर्मियों की राज्यवार एवं बलवार विस्तृत सूची गृह मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट (
www.mha.gov.in) तथा राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल ([https://awards.gov.in](https://awards.gov.in)) पर जारी कर दी गई है।
