पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ के समापन के साथ ही बिहार से अपने कामकाज और पढ़ाई के सिलसिले में दूसरे शहरों को लौटने वाले यात्रियों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। यात्रियों की भारी भीड़ और बढ़ती मांग के चलते पटना से देश के प्रमुख शहरों के लिए हवाई किराया सामान्य दिनों के मुकाबले चार गुना तक महंगा हो गया है। हैरानी की बात यह है कि आगामी 17 नवंबर को पटना से दिल्ली जाने के लिए यात्रियों को 34,665 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं, जबकि इसी दिन दुबई से दिल्ली आने का विमान किराया महज 14,390 रुपये है। यानी पटना से दिल्ली का सफर दुबई से आने के खर्च के दोगुने से भी अधिक महंगा हो गया है।
17 नवंबर को पटना से प्रमुख शहरों का हवाई किराया (Air India और IndiGo):
त्योहार के बाद बड़ी संख्या में प्रवासियों की वापसी के कारण उड़ानों में सीटों की जबरदस्त मांग है, जिसका सीधा असर टिकट की कीमतों पर दिख रहा है:
-
पटना से अहमदाबाद: एयर इंडिया का किराया 40,663 रुपये और इंडिगो का किराया 40,463 रुपये तक पहुंच गया है।
-
पटना से चेन्नई: एयर इंडिया की टिकट 40,424 रुपये में और इंडिगो की टिकट 34,614 रुपये में मिल रही है।
-
पटना से दिल्ली: एयर इंडिया का किराया 34,665 रुपये और इंडिगो का किराया 26,037 रुपये दर्ज किया गया है।
-
पटना से मुंबई: एयर इंडिया की उड़ान के लिए 30,915 रुपये और इंडिगो के लिए 31,434 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं।
-
पटना से कोलकाता: एयर इंडिया का टिकट 30,970 रुपये और इंडिगो का टिकट 26,909 रुपये तक पहुंच गया है।
किराये की समय-सीमा खत्म होते ही एयरलाइंस कंपनियों ने बढ़ाए दाम गौरतलब है कि छठ महापर्व के दौरान यात्रियों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार द्वारा विमान किराये पर एक अधिकतम सीमा (फेयर कैप) तय की गई थी। यह विशेष व्यवस्था अब समाप्त हो चुकी है, जिसके बाद एयरलाइंस कंपनियां मांग के अनुरूप मनमाना किराया वसूल रही हैं। सीटों की सीमित उपलब्धता और यात्रियों के भारी दबाव के चलते टिकटों के दाम आसमान छू रहे हैं।
ट्रेनों में भी ‘नो रूम’ जैसे हालात, कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल एक ओर जहां आसमान छूते हवाई किराये ने आम यात्रियों की कमर तोड़ दी है, वहीं दूसरी ओर भारतीय रेल में भी सीटों के लिए जबरदस्त मारामारी चल रही है। दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद और बेंगलुरु जाने वाली नियमित ट्रेनों में सीटें पहले से ही फुल हो चुकी हैं। रेलवे द्वारा कई पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाए जाने के बावजूद यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। ऐसे में छठ के बाद बिहार से बाहर जाने वाले लोगों के सामने या तो जेब ढीली कर महंगे हवाई टिकट खरीदने की मजबूरी है या फिर ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट का इंतजार करने का विकल्प बचा है।



