छत्तीसगढ़ में नगरीय निकायों के लिए एल्डरमैन यानी मनोनीत पार्षदों की नियुक्तियों का बहुप्रतीक्षित रास्ता साफ हो गया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने रायपुर और सरगुजा संभाग के नगर पालिक निगमों, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के लिए मनोनीत पार्षदों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने पहले ही इन नियुक्तियों में तेजी लाने के संकेत दिए थे, जिसके बाद विभाग ने अब औपचारिक आदेश जारी कर इन्हें तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है।
इन नियुक्तियों को छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 और छत्तीसगढ़ नगरपालिका अधिनियम 1961 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों के तहत किया गया है। नियुक्त किए गए सभी एल्डरमैन को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से संबंधित नगरीय निकायों में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सूची के अनुसार रायपुर संभाग में रायपुर नगर पालिक निगम सहित माना कैंप, तिल्दा-नेवरा, गोबरा नवापारा, आरंग, मंदिर हसौद, अभनपुर, खरोरा, कुनरा, समोदा और चंदखुरी जैसे निकाय शामिल हैं। इसके साथ ही गरियाबंद, महासमुंद, धमतरी और बलौदाबाजार-भाटापारा जिलों के विभिन्न निकायों में भी नए एल्डरमैन नामित किए गए हैं। इसी प्रकार सरगुजा संभाग में अंबिकापुर नगर पालिक निगम के अलावा बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया, जशपुर और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के नगरीय निकायों में भी नियुक्तियां की गई हैं।
रायपुर संभाग

सरगुजा संभाग

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस आदेश की प्रतिलिपि सभी संबंधित जिला कलेक्टरों, नगर निकायों के महापौर, अध्यक्षों एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी है। साथ ही विभाग ने निर्देश दिए हैं कि पूरी सूची को संचालनालय की आधिकारिक वेबसाइट पर शीघ्र अपलोड किया जाए, ताकि आम जनता को इसकी जानकारी प्राप्त हो सके।

