जशपुर
शासकीय प्राथमिक शाला पैकू में आज शाला प्रवेशोत्सव उत्साह, उमंग और पारंपरिक आत्मीयता के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर को आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया तथा रंग-बिरंगे पुष्पों से सजे मनमोहक स्वागत द्वार से नवप्रवेशी बच्चों एवं उनके अभिभावकों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। स्वागत के इस अनूठे वातावरण ने बच्चों के मन में विद्यालय के प्रति अपनापन और उत्साह का संचार किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की पहली घंटी के साथ किया गया। पहली बार विद्यालय आए नन्हे बच्चों ने जैसे ही विद्यालय की घंटी बजाई, वैसे ही उनके जीवन की नई शैक्षणिक यात्रा का शुभारंभ हुआ। यह पल सभी पालकों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनसमुदाय के लिए अत्यंत भावुक और प्रेरणादायक रहा।

कार्यक्रम की सबसे विशेष गतिविधि “माँ के हाथों से पहला अक्षर” रही, जिसमें माताओं ने अपने बच्चों को स्लेट पर पहला अक्षर लिखवाकर उनके शिक्षा जीवन की मंगलमय शुरुआत कराई। वहीं “मेरे सपनों का वृक्ष” गतिविधि में बच्चों ने अपने भविष्य के सपनों को लिखकर एवं चित्रित कर अपनी आकांक्षाओं को अभिव्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय में स्थापित स्मार्ट क्लास का शुभारंभ ग्राम पंचायत पैकू की सरपंच महोदया श्रीमती सलोनी भगत के करकमलों द्वारा किया गया। स्मार्ट क्लास के उद्घाटन के पश्चात बच्चों को प्रोजेक्टर के माध्यम से रोचक डिजिटल शिक्षण सामग्री दिखाई गई, जिससे बच्चों में सीखने के प्रति विशेष उत्साह एवं जिज्ञासा देखने को मिली।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए विभिन्न शैक्षणिक, रचनात्मक एवं आनंददायक गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें पालकों की भी सक्रिय सहभागिता रही। पूरे आयोजन में विद्यालय परिवार ने यह संदेश दिया कि शासकीय विद्यालय आधुनिक सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचारों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, पालकगण, ग्रामीणजन एवं विद्यालय परिवार की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक सफल एवं यादगार बना दिया। शाला प्रवेशोत्सव का यह आयोजन शिक्षा के प्रति विश्वास, उत्साह और नवप्रवेशी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का प्रेरणादायी संदेश देकर संपन्न हुआ।

