**रायपुर,
छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक परिवहन को और अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में परिवहन विभाग ने एक बड़ा और निर्णायक कदम उठाया है। अब राज्य में चलने वाली सभी यात्री बसों में वाहन लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD) की अनिवार्यता को सख्ती से लागू किया जाएगा। निर्धारित समय सीमा के भीतर इस नियम का पालन न करने वाले बस संचालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम, 1988 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
15 दिनों का अल्टीमेटम
परिवहन सचिव एवं आयुक्त श्री एस. प्रकाश ने नवा रायपुर स्थित इंद्रावती भवन में बस संचालकों और अधिकृत वेंडरों के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक की। समीक्षा के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि:
जिन बसों में अभी तक VLTD नहीं लगा है, उन्हें अगले 15 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से डिवाइस स्थापित करना होगा। जिन बसों में डिवाइस पहले से लगे हैं लेकिन वे बंद हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से चालू सुनिश्चित किया जाए।
महिला और बाल सुरक्षा है प्राथमिकता
विभाग ने बताया कि यह निर्णय वर्ष 2025 में राजस्थान और तेलंगाना में हुए भीषण सड़क हादसों के बाद सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों और भारत सरकार की गाइडलाइंस के अनुरूप लिया गया है। इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन में यात्रा करने वाली महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को सुनिश्चित करना है।
कमांड सेंटर से होगी रियल-टाइम मॉनिटरिंग
राज्य मुख्यालय में स्थापित ‘कमांड एवं नियंत्रण केंद्र’ के जरिए अब सभी यात्री बसों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी। उपग्रह (सैटेलाइट) आधारित इस प्रणाली से यह पता चल सकेगा कि बस अपने निर्धारित मार्ग पर चल रही है या नहीं और उसका संचालन समयबद्ध है या नहीं। आम यात्री अब ‘संगवारी ऐप’ के माध्यम से अपनी बस की वास्तविक समय (Real-time) लोकेशन देख सकेंगे, जिससे उन्हें यात्रा के दौरान काफी सहूलियत होगी।
तकनीक से लैस होगा यातायात प्रबंधन
अतिरिक्त परिवहन आयुक्त श्री डी. रविशंकर ने जानकारी दी कि राज्य के सभी जिलों में ‘ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन’ (ANPR) कैमरे और ‘इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम’ भी स्थापित किए जा रहे हैं। इससे ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की तत्काल पहचान कर उन पर जुर्माना और अन्य दंडात्मक कार्रवाई करना आसान हो जाएगा।
परिवहन विभाग ने बस संचालकों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा है कि 15 दिनों की मोहलत समाप्त होते ही नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।

