रायपुर:
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राज्यव्यापी ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान का शुभारंभ करते हुए प्रदेश के ग्रामीण विकास और बालिका शिक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। ‘विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण)’ (VB-G RAM G) के तहत 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान राज्य के 6,671 ग्रामीण शासकीय स्कूलों में 286.85 करोड़ रुपये की लागत से अलग बालिका शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश के 6,524 गांवों में 391.44 करोड़ रुपये की लागत से प्रतीक्षालय युक्त मुक्तिधाम का निर्माण किया जाएगा। जल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य के 10,027 बंद पड़े बोरवेलों को 52.14 करोड़ रुपये की लागत से रिचार्ज स्ट्रक्चर बनाकर पुनः चालू किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में भू-जल स्तर सुधरेगा और पेयजल संकट से राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 जुलाई 2026 से लागू हुई VB-G RAM G योजना के माध्यम से इस वित्तीय वर्ष में मनरेगा और मिशन को मिलाकर राज्य को रिकॉर्ड 6,855 करोड़ रुपये मिलेंगे, जिसमें पहली किस्त के रूप में 1,538 करोड़ रुपये केंद्र सरकार से स्वीकृत भी हो चुके हैं। इस योजना के तहत श्रमिकों की दैनिक मजदूरी बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है और कृषि सीजन के दौरान मजदूरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए साल में 60 दिन काम बंद रखने का प्रावधान किया गया है। योजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ ने ई-केवाईसी में 98 प्रतिशत प्रगति के साथ देश में पहला और जियो-टैगिंग में 99 प्रतिशत के साथ दूसरा स्थान हासिल किया है। इस पारदर्शी और तकनीकी आधारित मॉडल से प्रदेश के गांवों का बुनियादी ढांचा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था दोनों मजबूत होंगे।

