रायपुर। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (SCERT), छत्तीसगढ़ ने आगामी 25 मई से 29 मई 2026 तक आयोजित होने वाले शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है। छत्तीसगढ़ शासन के वित्त विभाग से प्राप्त निर्देशों के बाद यह निर्णय लिया गया है। अब पारंपरिक भौतिक (ऑफलाइन) प्रशिक्षण के स्थान पर ऑनलाइन प्रशिक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी।
SCERT के संयुक्त संचालक किशोर कुमार द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, यह स्थगन हाई और हायर सेकेंडरी स्तर के विज्ञान समूह (भौतिक शास्त्र और रसायन शास्त्र) के जिला स्रोत व्यक्तियों (DRPs) के लिए आयोजित होने वाले प्रशिक्षण पर लागू होगा।
वित्त विभाग, मंत्रालय, नवा रायपुर द्वारा 15 मई 2026 को जारी पत्र का हवाला देते हुए परिषद ने स्पष्ट किया है कि शासन की नीति अब भौतिक प्रशिक्षण के बजाय ऑनलाइन माध्यमों को बढ़ावा देने की है। परिषद द्वारा इस संबंध में विस्तृत कार्ययोजना जल्द ही पृथक से साझा की जाएगी, जिसके माध्यम से शिक्षक ऑनलाइन मोड में प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।
यह आदेश प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEOs), प्राचार्य IASE बिलासपुर, CTE रायपुर, शिक्षा महाविद्यालय कांकेर और राज्य के सभी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (DIETs) को भेज दिया गया है। इसके साथ ही लोक शिक्षण संचालनालय और समग्र शिक्षा छत्तीसगढ़ के उच्च अधिकारियों को भी इसकी प्रतिलिपि सूचनार्थ प्रेषित की गई है ताकि आगामी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से ऑनलाइन मोड में बदला जा सके।

