रायपुर/नई दिल्ली: कैंसर जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी से जूझ रहे मरीजों और उनके परिवारों को आर्थिक बोझ से बड़ी राहत देते हुए केंद्र सरकार ने एक ऐतिहासिक फैसला लिया है। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने जनहित में 137 चिह्नित गैर-अनुसूचित कैंसर रोधी दवाओं पर ट्रेड मार्जिन रेशनलाइजेशन (TMR) लागू करते हुए अधिकतम व्यापारिक मार्जिन 30 प्रतिशत तय कर दिया है। इस निर्णय के बाद देशभर में 1,000 से अधिक कैंसर दवाओं के अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) में 20 से 70 प्रतिशत तक की बड़ी कमी आई है। दवाओं की ये संशोधित कीमतें 9 नवंबर 2026 से पूरे देश में प्रभावी हो गई हैं।
क्यों महंगी थीं दवाएं और मरीजों को कैसे मिलेगा लाभ? चिकित्सा विज्ञान में हुई प्रगति के साथ इम्युनोथेरेपी और बायोलॉजिकल दवाओं ने कैंसर के उपचार में नई उम्मीद जगाई है, लेकिन इनके अनुसंधान और जटिल निर्माण प्रक्रिया के साथ-साथ आपूर्ति शृंखला में अत्यधिक व्यापारिक मार्जिन के कारण इलाज बेहद महंगा हो गया था। केंद्र सरकार के इस कदम से अब घरेलू और वैश्विक बाजार की प्रमुख कैंसर दवाएं आम मरीजों की पहुंच में आ सकेंगी। इसके साथ ही, सरकारी और निजी अस्पतालों के बिलों में भी इस कटौती का सीधा लाभ दिखाई देना सुनिश्चित किया जा रहा है।
बीमारी और अवसाद से जूझ रही मां ने तीन मासूम बेटियों के साथ सियालदह एक्सप्रेस के आगे कूदकर दी जान, चारों की मौके पर मौत; परिवार में अब केवल 12 साल की बड़ी बेटी बची
छत्तीसगढ़ में सख्ती से लागू हुई नई व्यवस्था, अस्पतालों को निर्देश केंद्र के इस फैसले का लाभ राज्य के मरीजों तक पहुंचाने के लिए छत्तीसगढ़ फार्मास्यूटिकल एंड मेडिकल डिवाइसेज रेगुलेटरी अथॉरिटी (CGPMRU) और नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सभी दवा विक्रेताओं, अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों के तहत सभी अस्पतालों और फार्मेसी केंद्रों को संशोधित MRP का पालन करने, नई मूल्य सूची प्रमुखता से प्रदर्शित करने और निर्धारित कीमत से अधिक राशि न वसूलने की हिदायत दी गई है।
दवा खरीदने से पहले जांचें MRP, मनमानी पर यहां करें शिकायत प्रशासन ने आम नागरिकों और मरीजों से अपील की है कि वे कैंसर की दवाएं खरीदते समय पैकेट पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) की जांच अवश्य करें। मरीज एनपीपीए की वेबसाइट और ‘फार्मा सही दाम’ मोबाइल ऐप के जरिए भी दवाओं की सटीक कीमतों की जानकारी ले सकते हैं। यदि कोई दवा विक्रेता या अस्पताल निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूलता है या जानबूझकर दवा उपलब्ध नहीं कराता है, तो मरीज तत्काल इन माध्यमों पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं:
-
NPPA हेल्पलाइन नंबर: 1800-111-255
-
CGPMRU हेल्पलाइन नंबर: 9340595097
-
CGPMRU ई-मेल: cg-pmru@cg.gov.in
-
NPPA ई-मेल: monitoring-nppa@gov.in



