बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गांधीनगर मोहल्ले में शुक्रवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। लंबे समय से गंभीर शारीरिक बीमारी और मानसिक अवसाद से जूझ रही 40 वर्षीय किरण पाल ने अपनी तीन मासूम बेटियों— अनुष्का (7), कनिष्का (7) और काव्या (5) के साथ रेलवे ट्रैक पर जाकर सियालदह एक्सप्रेस के आगे छलांग लगा दी। इस दर्दनाक हादसे में मां और तीनों बेटियों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
खुद कमाने में सक्षम है पत्नी, तो सिर्फ अलग रहना गुजारा भत्ते का आधार नहीं: हाईकोर्ट का बड़ा फैसला
डेढ़ साल से बीमारी और बेटियों के भविष्य की चिंता से थीं परेशान
सीओ आफताब आलम ने बताया कि मूल रूप से बहराइच के बौड़ी निवासी राम तेजपाल चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं और वर्तमान में लखनऊ में तैनात हैं। वे बाराबंकी के गांधीनगर में अपना मकान बनाकर पत्नी किरण और चार बेटियों के साथ रहते थे। किरण पिछले करीब डेढ़ साल से बच्चेदानी की बीमारी और पेट में पथरी की समस्या से पीड़ित थीं। ढाई महीने पहले ही उनका ऑपरेशन हुआ था, लेकिन लगातार चल रहे इलाज के खर्च और शारीरिक कमजोरी के कारण वे बीते छह महीने से गहरे अवसाद में चली गई थीं। परिजनों के अनुसार, उन्हें अक्सर यह चिंता सताती थी कि यदि उन्हें कुछ हो गया तो उनकी बेटियों का भविष्य कैसे संवरेगा।
बड़ी बेटी को लेकर बाजार गए थे पति, पीछे से उठा लिया खौफनाक कदम
पति राम तेजपाल के मुताबिक, शुक्रवार सुबह आंखों में तकलीफ होने पर वे पत्नी किरण को एक निजी अस्पताल में दिखाकर घर लाए थे। इसके बाद शाम करीब 3:30 बजे वे अपनी 12 वर्षीय बड़ी बेटी रिया को साथ लेकर कपड़े खरीदने बाजार चले गए। इसी बीच घर पर मौजूद किरण अपनी जुड़वां बेटियों अनुष्का व कनिष्का और सबसे छोटी बेटी काव्या को लेकर घर के पास से गुजरने वाली रेलवे लाइन की ओर चली गईं और ट्रेन के आगे कूद गईं। देर रात करीब 8 बजे जब राम तेजपाल बाजार से घर लौटे, तो घर के बाहर लोगों की भारी भीड़ जुटी देख उनके होश उड़ गए और उन्हें इस भयावह घटना की जानकारी मिली।
मां और तीनों बहनों को खोने के सदमे में 12 साल की रिया
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया है। परिवार में अब पिता राम तेजपाल के साथ केवल 12 वर्षीय बड़ी बेटी रिया ही बची है, जो एक साथ मां और तीनों छोटी बहनों को खोने के गहरे सदमे से बदहवास है। रिया ने बताया कि उसकी मां अक्सर कहती थीं कि वह एक दिन सबको छोड़कर चली जाएंगी, जिस पर पिता और मौसी उन्हें समझाते थे। वहीं, पुलिस अधीक्षक (SP) रवीना त्यागी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बीमारी और अवसाद के चलते आत्महत्या की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है।



