महासमुंद: छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर अब प्रशासनिक व्यवस्था पर साफ दिखने लगा है। पटवारियों के कार्यों का अतिरिक्त दायित्व सौंपे जाने से नाराज राजस्व निरीक्षक (RI) भी अब आंदोलन की राह पर चल पड़े हैं। छत्तीसगढ़ राजस्व निरीक्षक संघ के प्रांतीय आह्वान के तहत महासमुंद जिले के सभी राजस्व निरीक्षक एक दिवसीय सामूहिक अवकाश लेकर धरना-प्रदर्शन में शामिल हो रहे हैं।
पटवारियों के हड़ताल पर होने के कारण ‘डिजिटल क्रॉप सर्वे (PV)’, ‘एग्रीस्टैक फार्मर रजिस्ट्री’ सहित अन्य महत्वपूर्ण राजस्व कार्यों का अतिरिक्त बोझ राजस्व निरीक्षकों पर डाल दिया गया है, जिससे उनके सामने कामकाज को लेकर गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।
छत्तीसगढ़ में हजारों एकड़ जमीन के बावजूद समर्थन मूल्य पर धान नहीं बेच पा रहे मंदिर-मठ व ट्रस्ट
इस गंभीर स्थिति और समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ राजस्व निरीक्षक संघ (जिला महासमुंद) ने जिला कलेक्टर को औपचारिक सूचना पत्र सौंप दिया है। प्रांतीय संगठन के निर्देशानुसार 17 नवंबर को आयोजित होने वाले इस सामूहिक अवकाश और धरना-प्रदर्शन की सूचना गत 13 नवंबर को ही राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव को दी जा चुकी थी।
राजस्व निरीक्षकों के इस सामूहिक अवकाश और आंदोलन से प्रशासनिक कामकाज पर गहरा असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।



