जशपुर :
जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रनपुर में चरित्र शंका को लेकर पति द्वारा पत्नी की नृशंस हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम लरंगा में प्रभारी छात्रावास अधीक्षक के पद पर पदस्थ आरोपी पति ने पहले घर में घुसकर पत्नी को टांगी के पासा व डंडे से बेरहमी से पीटा, फिर इलाज कराने के बहाने बोलेरो में बिठाकर ले गया और उसकी जान ले ली। सुबह महिला का शव घर के बाहर खड़ी बोलेरो की सीट पर बरामद हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रनपुर निवासी रोशन कुमार (20) ने आठ नवंबर को बगीचा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि उसके पिता कोलो राम (43) लरंगा में प्रभारी छात्रावास अधीक्षक हैं। करीब एक साल पहले उन्होंने किसी दूसरी महिला को पत्नी बनाकर अपने साथ रख लिया था और पंडरापाठ क्षेत्र में रहने लगे थे। रोशन अपनी मां इन्द्रमुनी और छोटे भाई के साथ रनपुर में रहता था। पिता जब भी गांव आते, चरित्र शंका को लेकर मां से आए दिन विवाद और मारपीट करते थे।
घटना सात नवंबर की रात करीब साढ़े आठ बजे की है। कोलो राम रनपुर स्थित घर पहुंचा और दरवाजा खुलवाकर सीधे पत्नी इन्द्रमुनी के कमरे में घुस गया। वहां उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और घर में रखी टांगी के पासा से इन्द्रमुनी की पीठ पर ताबड़तोड़ दो वार कर दिए। इसके बाद वह महिला को घसीटते हुए पड़ोसियों के घर के सामने ले गया और डंडे से बेरहमी से पिटाई की। बच्चों और ग्रामीणों के बीच-बचाव करने के बाद वह वहां से चला गया।
मारपीट में गंभीर रूप से घायल इन्द्रमुनी को परिजन घर लाकर सुला रहे थे। कुछ देर बाद कोलो राम अपनी बोलेरो लेकर पहुंचा और पत्नी को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की बात कहकर साथ बैठाकर ले गया। रात करीब चार बजे वह बोलेरो लेकर रनपुर लौटा और गाड़ी खड़ी कर मौके से फरार हो गया। आठ नवंबर की सुबह करीब छह बजे जब बेटे रोशन ने बोलेरो का दरवाजा खोला, तो बीच वाली सीट पर मां इन्द्रमुनी मृत अवस्था में पड़ी मिलीं।
बेटे की रिपोर्ट पर बगीचा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी कोलो राम को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त टांगी, डंडा और घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी जब्त कर ली गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



