महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 (NH-353) पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बागबाहरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत देवाशीष स्कूल के पास मरीज को इलाज के बाद ओडिशा लेकर जा रही एक एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं और एक पुरुष सहित कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस क्रमांक CG 04 NH 7746 एक मरीज को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद इलाज कराकर वापस ओडिशा की ओर जा रही थी। इसी दौरान बागबाहरा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर देवाशीष स्कूल के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और एंबुलेंस सीधे सड़क पर खड़े एक ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और अंदर बैठे लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से निकाला गया बाहर हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तत्काल मौके पर दौड़े और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही बागबाहरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से क्षतिग्रस्त एंबुलेंस में फंसे घायलों तथा शवों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। दुर्घटना में दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जिनके शवों का पंचनामा कर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
घायलों को बेहतर इलाज के लिए किया गया रेफर दूसरी ओर, हादसे में गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं और एक पुरुष को तत्काल बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार दिए जाने के बाद तीनों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च केंद्र रेफर कर दिया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि एंबुलेंस में सवार मरीज और परिजन ओडिशा के निवासी हैं। पुलिस द्वारा मृतकों और घायलों की शिनाख्त करने के साथ ही इस बात की जांच की जा रही है कि एंबुलेंस किन परिस्थितियों में खड़े ट्रक से टकराई।



